बहादराबाद क्षेत्र में हुई घटना, पुलिस-एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी; चार वर्षीय बेटा सुरक्षित
समाचार सच, हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र में रविवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक महिला अपनी एक वर्षीय बेटी को गोद में लेकर गंग नहर में कूद गई। दोनों के तेज बहाव में लापता होने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, कोटा मुरादनगर (थाना कलियर) निवासी 35 वर्षीय अर्जुन अपनी पत्नी सविता और दो बच्चों के साथ बाइक से बहादराबाद थाना क्षेत्र के रायपुर दरेड़ा स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। परिवार के साथ उनका चार वर्षीय बेटा और एक वर्षीय बेटी भी थी। रास्ते में दौलतपुर स्थित डीपीएस कॉलेज के पास किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई।
अर्जुन ने पुलिस को बताया कि विवाद बढ़ने पर सविता ने बाइक रुकवाई और अपनी एक वर्षीय बेटी को गोद में लेकर अचानक गंग नहर में छलांग लगा दी। जब तक वह कुछ समझ पाते, दोनों गहरे पानी में बह गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। गोताखोरों की मदद से महिला और बच्ची की तलाश लगातार जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम का माहौल है। चार वर्षीय बेटा सुरक्षित है, जबकि पति और अन्य परिजन घटनास्थल पर मौजूद हैं। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी रेस्क्यू अभियान पर नजर बनाए हुए हैं और महिला व बच्ची के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।
बहादराबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। फिलहाल महिला और उसकी एक वर्षीय बेटी की तलाश के लिए सर्च अभियान जारी है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



