समाचार सच, हल्द्वानी (सुशील शर्मा)। आखिर कब होगी जनता जागरूक, क्या ऐसे में हम बढ़ते कोरोना संक्रमण पर काबू पा सकते है। हल्द्वानी की मुख्य बाजार व मार्गों पर भीड़ का जामावाड़ा नजर आया। इस भीड़ में सरकार की गाइडलाइन का कहीं भी पालन होता नहीं दिखा। ज्ञात हो कि प्रदेश व महानगर में बढ़ते कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए रविवार की सायं प्रशासन की ओर से 27 अप्रैल से 3 मई तक कर्फ्यू का फरमान जारी कर दिया गया। इस फरमान में हालांकि जरूरत के सामान की दुकानें खुलने का जिक्र था। लेकिन आदेश के माध्यम से प्रशासन ने जनता से यह अपील भी कर दी कि वह जरूरत का सामान सोमवार की सायं 5 बजे तक खरीद लें। सायं 7 बजे से तीन मई तक कर्फ्यू लागू हो जाएगा।
इस आदेश का जनता के बीच ऐसा संदेश गया कि सोमवार को प्रातः से ही लोगों ने बाजार का रूख करना शुरू कर दिया। स्थिति इतनी विकराल हो गई कि पूरे शहर की मुख्य सड़कों के अलावा गलियों तक में जाम लग गया। यहां पूरे दिन वाहन रेंगते दिखाई दिये। जाम लगने पर पुलिस हरकत में आई और नगर के मुख्य चौराहों व स्थानों में जाम को खोलने की कवायद शुरू की गई। लेकिन तब तक स्थिति इतनी बिगड़ चुकी थी कि व्यवस्था संभाले नहीं संभली। एक किलोमीटर तक पहुंचने में भी लोगों को एक घंटे से अधिक का समय लग गया। कुल मिलाकर कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर सोमवार की सायं 7 बजे से प्रभावी होने वाले कर्फ्यू से पहले दिनभर बाजार में संक्रमण के और अधिक फैलने की संभावना प्रबल होती दिखाई दी। प्रशासन ने जनता से जरूरत का सामान सोमवार को खरीदने की अपील तो कर दी, लेकिन भीड़ पर नियंत्रण के इंतजाम व संक्रमण से बचने के उपाय करना मुनासिब नहीं समझा गया।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


