SIR अभियान में फॉर्मों की कालाबाज़ारी का आरोप! विधायक सुमित हृदयेश ने प्रशासन को चेताया- ‘जनता की मजबूरी पर कमाई करने वालों पर हो सख्त कार्रवाई’

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान
हल्द्वानी में निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर उठ रही शिकायतों के बीच विधायक सुमित हृदयेश ने प्रशासन के सामने आम जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाया। सोमवार को उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट से मुलाकात कर अभियान से जुड़ी अव्यवस्थाओं, दस्तावेजों को लेकर फैले भ्रम और फॉर्मों की कथित कालाबाज़ारी पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोग आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया और सत्यापन संबंधी जानकारी को लेकर असमंजस में हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सभी पात्र मतदाताओं को स्पष्ट, समयबद्ध और पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी नागरिक को अपने मतदाता संबंधी कार्यों के लिए परेशान न होना पड़े।

बैठक के दौरान विधायक ने एक गंभीर मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि तहसील परिसर में SIR अभियान से जुड़े प्रपत्रों की कालाबाज़ारी की शिकायतें मिल रही हैं। उनका कहना था कि कुछ लोग निर्धारित मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर फॉर्म बेचकर लोगों की मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करने और पूरे परिसर में प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू करने की मांग की।

यह भी पढ़ें -   जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा, किस राशि को मिलेगा धन लाभ और किन राशियों को बरतनी होगी विशेष सावधानी

इस दौरान विधायक ने तीखे शब्दों में कहा कि लोकतंत्र से जुड़े दस्तावेजों का दुरुपयोग या जनता की मजबूरी से मुनाफाखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि “जो लोग आम जनता की मजबूरी का फायदा उठाकर अपनी जेब भरने की कोशिश कर रहे हैं, वे अपनी जेब सिलकर रखें। प्रशासन ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई करे।”

यह भी पढ़ें -   बारिश में देसी नुस्खे सर्दी-खांसी, खराश जैसी दिक्कतों में काफी जल्दी राहत दिलाते हैं,

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत मतदाता का अधिकार है और यह प्रशासन की जिम्मेदारी है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और जनहितकारी तरीके से संचालित हो। कोई भी पात्र मतदाता केवल प्रक्रियात्मक जटिलताओं या अव्यवस्थाओं के कारण अपने अधिकार से वंचित न रहे।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकता है और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए वे लगातार प्रयास करते रहेंगे।

इस अवसर पर हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, मयंक भट्ट, हेमंत बगड़वाल, एन.बी. गुणवंत, सुरेन्द्र सिंह बिष्ट, मलय बिष्ट, भागीरथी बिष्ट, नीमा भट्ट, गोविन्दी लोबियाल, ज्ञान सिंह थापा, शकील सलमानी, मो. गुफरान, शैलेन्द्र दानू सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440