समाचार सच, देहरादून। विधानसभा अध्यक्ष ने किया विधानसभा भवन में ध्वजारोहण देहरादून 15 अगस्त. आजादी के अमृत महोत्सव एवं 76 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने विधानसभा भवन देहरादून में ध्वजारोहण कर परेड को सलामी दी। इस अवसर पर रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ मोजूद रहे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले वीरों, शहीदों और राज्य आंदोलनकारियों की शहादत को याद किया। उन्होंने ध्वजारोहण के बाद प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।
ऋतु खंडूड़ी ने सभी को राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए संकल्प लेने को कहा। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश आज हर्ष और उल्लास के साथ आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज देश के प्रत्येक घर एवं संस्थान में तिरंगा शान से लहरा रहा है, हमारी आन-बान-शान का प्रतीक भारत का राष्ट्रध्वज देश के शौर्य, शांति और बलिदान का प्रतीक होने के साथ देशवासियों की एकजुटता का परिचय दे रहा है। राष्ट्र हमें एक सूत्र में बांधता है। इसलिए राष्ट्रध्वज सिर्फ कपड़े का टुकड़ा नहीं हमारा स्वाभिमान है। राष्ट्रगान सिर्फ शब्द नहीं, हमारा आत्म सम्मान है। उन्होंने कहा की पूरी दुनिया आज हमें आशा भरी दृष्टि से देख रही है। भारत अपार संभावनाओं का देश है। हमें अपनी सभी संभावनाओं को तलाशना होगा, उन्हें सच करना होगा। एक ऐसे भारत का निर्माण करना होगा, जिसमें भूख, गरीबी, बेरोज़गारी न हो, जो सशक्त हो, समृद्ध हो और जो विश्व को राह दिखाये। सदियों से भारत ने अपने ज्ञान और अध्यात्म से विश्व का मार्गदर्शन किया है। और अब अपने विज्ञान, अर्थ और कौशल से भी करेगा।
इस अवसर पर विधानसभा के सचिव मुकेश सिंघल, संयुक्त सचिव चंद्र मोहन गोस्वामी, उप सचिव नरेंद्र रावत, उप सचिव हेम पन्त, विशेष कार्य अधिकारी अशोक साह, वरिष्ठ निजी सचिव अजय अग्रवाल, वरिष्ठ व्यवस्था अधिकारी दीपचंद, सुरक्षा अधिकारी प्रदीप गुणवंत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440

















