समाचार सच, हल्द्वानी। पुलिस क्षेत्राधिकारी भवाली भूपेंद्र सिंह धौनी ने हल्द्वानी परिक्षेत्र का अतिरिक्त चार्ज ग्रहण कर लिया है। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने, नशे पर अंकुश, नियमों का पालन कराने व बेवजह चालानी कार्यवाही न करने पर जोर दिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धौनी ने अधीनस्थों की बैठक ली। कहा कि कानून व्यवस्था व यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए। कानून किसी को भी हाथ में न लेने दिया जाए। साथ ही यातायात नियमों का पालन सख्ती से कराया जाए। इसके लिए नियमित तौर पर चौकिंग अभियान चलाया जाए। सीओ ने कहा कि चैकिंग में बेवजह चालान न किए जाएं। साथ ही चालकों पर भारी भरकम चालान का बोझ न लादा जाए। नियम तोड़ने वालों से सख्ती से पेश आया जाए। इस दौरान सीओ ने अधीनस्थों को यह भी निर्देेश दिए कि अवैध नशे के खिलाफ भी अभियान तेज किया जाए। नशा तस्कर छोटा हो या बड़ा, उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाए। नशे की तस्करी रोकने के लिए संदिग्ध वाहनों की चौकिंग की जाए। बाहर से आने वाले वाहनों को जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाए। नशा तस्करों को चिन्हित किया जाए। इस कार्य में जनता का भी सहयोग लिया जाए। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी अलर्ट रखा जाए। कहा कि यदि कोई नशे का सौदागर घ्जेल से जमानत पर छूटता है और पुनः मादक पदार्थों की तस्करी करता है तो उसके खिलाफ जिलाबदर समेत अन्य कार्यवाही के लिए उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया जाए। कहा कि नशे का अवैध कारोबार कतई नहीं पनपने दिया जाए। सीओ ने अधीनस्थों को यातायात व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के भी निर्देश दिए। कहा कि खनन कार्य शुरू हो चुका है, ऐसे में उपखनिज से भरे वाहनों में ओवर लोडिंग व ओवर स्पीड पर विशेष ध्यान दिया जाए। सड़क हादसे रोकने के लिए ओवर स्पीड वाहनों को तत्काल सीज किया जाए। साथ ही खनन वाहनों को शहर के भीतर नो एंट्री जोन में कतई प्रवेश न करने दिया जाए। बता दें कि हल्द्वानी के सीओ शांतनु पाराशर एक माह के अवकाश पर हैं। ऐसे में विभागीय कार्यों के संपादन के लिए भवाली सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी को हल्द्वानी परिक्षेत्र का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












