समाचार सच, हल्द्वानी। नगर निगम की ओर से प्रस्तावित किराया वृद्धि के मुद्दे पर व्यापारियों को राहत मिलने के बाद स्थानीय व्यापारियों ने महापौर गजराज सिंह बिष्ट एवं नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। व्यापारियों का कहना है कि महापौर के सकारात्मक हस्तक्षेप से बाजार हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया, जिससे व्यापारिक वर्ग को बड़ी राहत मिली है।
व्यापारियों ने बताया कि हाल ही में आयोजित हल्द्वानी पंजाबी जन कल्याण समिति के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान समिति के अध्यक्ष हरिमोहन अरोड़ा, संदीप गांधी, राजीव बग्गा, अवनीश राजपाल, कनिष्क ढींगरा एवं कनिका वासुदेवा ने नगर निगम द्वारा प्रस्तावित पांच गुना किराया वृद्धि पर पुनर्विचार करने और व्यापारियों को राहत प्रदान करने का अनुरोध किया था।
इस पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने नगर आयुक्त परितोष वर्मा, पार्षद राजेंद्र अग्रवाल (मुन्ना) तथा महेश पाठक के साथ विचार-विमर्श कर व्यापारियों के हित में निर्णय लिया। इसके तहत किराया ₹1 से बढ़ाकर सीधे पांच गुना करने के बजाय ₹1.50 निर्धारित करने का प्रस्ताव स्वीकार किया गया। साथ ही, दो मंजिला निर्माण के लिए अनुमति प्रक्रिया को भी सरल और सुगम बनाने का निर्णय लिया गया, जिससे व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों के विस्तार में सुविधा मिलेगी।
निर्णय के बाद व्यापारियों ने महापौर गजराज सिंह बिष्ट का माल्यार्पण कर तथा मिठाई खिलाकर उनका स्वागत और अभिनंदन किया। व्यापारिक संगठनों ने इसे जनहित और व्यापार हित में लिया गया दूरदर्शी निर्णय बताते हुए नगर निगम प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर व्यापारियों ने इस पहल में सहयोग देने वाले पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, योगेश शर्मा, पंकज कपूर, आशीष मल्होत्रा, राजीव जायसवाल, मनोज जायसवाल, नंदकिशोर वर्मा तथा पार्षद प्रतिनिधि गोपाल भट्ट के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



