समाचार सच, हल्द्वानी। राज्य के कर्मचारियों-अधिकारियों, पेंशनरों व आश्रितों के गोल्डन कार्ड बनाने के लिए 23 नवम्बर से शिविर लगाए जाएंगे। यह जानकारी मुख्य कोषाधिकारी अनीता आर्य ने दी है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जनपद में गोल्डन कार्ड बनाने का कार्य जिला कोषागार नैनीताल, विकास भवन भीमताल, उपकोषागार हल्द्वानी तथा तहसील हल्द्वानी में प्रारम्भ कर दिया गया है। बताया कि जनपद के अन्य स्थानों पर गोल्डन कार्ड बनाये जाने की जल्द ही व्यवस्था प्रारम्भ की जायेगी ऐसे मे सम्बन्धित कर्मचारी अपने नजदीकी केन्द्र मे जाकर आश्रितो का कार्ड बनवायें। उन्होने बताया कि इस कार्ड के जरिये अस्पताल मे भर्ती होने पर केशलैस उपचार की सुविधा मिलेगी, उपचार मे व्यय की कोई अधिकतम सीमा नहीं, सूचीबद्व निजी चिकित्सालयो में सीधे उपचार की सुविधा होगी, उपचार हेतु रैफरल करना आवश्यक नहीं है। मुख्य कोषाधिकारी के अनुसार जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद आगामी 23 नवम्बर सोमवार से विकास भवन भीमताल तथा हल्द्वानी तहसील परिसर मे गोल्डन कार्ड बनाने का कार्य प्रारम्भ कर दिया जायेगा। वर्तमान में कार्ड बनाने का कार्य मुख्य कोषागार कलेक्ट्रेट परिसर नैनीताल तथा उपकोषागार हल्द्वानी मे गतिमान है। उन्होंने कहा कि जनपद की भौगोलिक परिस्थियों को दृष्टिगत रखते हुये जनपद के अन्य कस्बों मे गोल्डन कार्ड बनाने की व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्मिक का तीनों लेवल से प्रमाणित विवरण आईएफएमएस पोर्टल पर अपलोड होना अनिवार्य है। उन्होंने जनपद के सभी आहरण वितरण अधिकारियों से कहा है कि वे अपना तथा अपने परिवार के आश्रितों का सत्यापित विवरण गोल्डन कार्ड बनाने के लिए अपलोड करायेें। गोल्डन कार्ड कही भी किसी भी केन्द्र में जाकर बनवाये जा सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए नजदीकी कोषागार से सम्पर्क किया जा सकता हैै।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


