5 लाख की खैर की लकड़ी से भरा कैंटर जब्त, तस्कर फरार

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। वन विभाग की टीम को शुक्रवार की रात को डौली रेंज के साथ एक बड़ी सफलता लगी है। विभागीय टीम ने खैर की लकड़ी से भरे एक कैंटर को पकड़ने में सफलता हासिल की है। 106 गिल्टे खैर के बरामद किये हैं। बरामद लकड़ी की कीमत 5 लाख रूपये के आस-पास बताई जा रही है। जबकि चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। इस मामले में पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया गया है। वाहन नंबर के आधार पर तस्करों का पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार वन विभाग के डौली रेंज के अधिकारियों को बीती रात मुखबिर से सूचना मिली कि यहां से बड़ी मात्रा में बहुमूल्य खैर की लकड़ी की खेप उत्तर प्रदेश के बरेली ले जाई जाने वाली है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों ने अपना जाल बिछा दिया और संभावित रास्तों में नाकेबंदी कर दी। देर रात टीम को हल्द्वानी-किच्छा राष्ट्रीय राजमार्ग के किच्छा बाईपास में कैंटर संख्या यूके 04-डी-0451 को रूकने का इशारा किया गया। इस पर चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी और कैंटर को बाईपास में रूद्रपुर की तरफ मोड़ दिया। हरकत में आई विभागीय टीम ने कैंटर का पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूर जाने के बाद चालक वाहन छोड़कर जंगल की तरफ भाग निकला। टीम ने कैंटर को कब्जे में लेने के साथ ही चालक की तलाश में अभियान चलाया, लेकिन अंधेरे के चलते सफलता हाथ नहीं लग पाई। वाहन से टीम ने 106 गिल्टे खैर के बरामद किये हैं। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को सीज कर दिया जाएगा।
इधर रेंज के वनक्षेत्राधिकारी अनिल जोशी ने बताया कि इस मामले में लालकुआं में अज्ञात लकड़ी तस्करों के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। साथ ही कैंटर नंबर के आधार पर तस्करों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही तस्करों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440