समाचार सच, देहरादून/रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा हो गया। रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर एक कार हादसे का शिकार हो गई। कार अचानक अनियंत्रित होकर मंदाकिनी नदी में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति घायल हो गया। साथ ही वाहन चालक अभी लापता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह रुद्रप्रयाग से नारी-खतेणा गांव के लिए निकली एक स्कार्पियो गाड़ी गौरीकुंड मार्ग पर जिला मुख्यालय से कुछ दूरी पर लगभग 200 मीटर आगे दुर्घटनाग्रस्त होकर नदी में जा गिरी। वाहन में चार लोग सवार थे। हादसा होते ही मौके पर दो लोगों की मौत हो गई। वाहन और चालक का कोई पता नहीं लग पाया है। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर जाकर रेस्क्यू अभियान चलाया। लेकिन तब तक मीनाक्षी सजवाण और अलका असवाल की मौत हो गई थी। वहीं, अर्जुन सिंह घायल था। चालक राकेश सिंह अभी भी लापता है। उधर, मौके पर मौजूद लोगों ने घटना के दो घंटे बाद रेस्क्यू शुरू करने पर रोष जताया। इस दौरान उन्होंने सड़क पर बैठकर सरकारी तंत्र के खिलाफ नारेबाजी भी की। उनका कहना था कि अगर समय पर रेस्क्यू होता तो मृतकों की जान बचाई जा सकती थी। इधर, एसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ ने घायल और मृतकों को खाई से निकाला।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












