समाचार सच, रुद्रपुर डेस्क। काशीपुर के कुंडा थाना क्षेत्र में पूर्व उप ब्लॉक प्रमुख हरदीप सिंह की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 38 वर्षीय हरदीप सिंह 11 सितंबर की रात गोरा फार्म क्षेत्र में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए थे। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संदीप सिंह, उसकी पत्नी और मां को नामजद किया है। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार हैं।
पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक की मां ने आरोप लगाया कि संदीप सिंह ने हरदीप से गोरा फार्म स्थित अपने घर तक छोड़ने के लिए कहा था। इसके बाद वह उन्हें अपने साथ ले गया। आरोप है कि संदीप के घर पहुंचने के बाद कथित साजिश के तहत हरदीप को गोली मार दी गई।
घटना के बाद देर रात करीब एक बजे संदीप सिंह ने हरदीप की मां को फोन कर उनके बेटे को गोली लगने और गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी दी। परिजनों ने घायल हरदीप को तत्काल काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मामले में पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस टीमें आरोपियों की संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं, घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।
सीओ प्रशांत कुमार के अनुसार पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शान्तरशाह मार्ग पर बाइक मैकेनिक हैप्पी की हत्या के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। वारदात के बाद दोनों आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे।
घटना के बाद पुलिस ने जिले की सीमाओं पर निगरानी बढ़ाते हुए विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की। देर रात एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों से जानकारी ली। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
माधोपुर गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें कुछ युवक हाथों में हथियार लहराते नजर आ रहे हैं। वीडियो को लेकर फायरिंग किए जाने की चर्चा भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि मामला करीब दो दिन पुराना है और इसके पीछे आपसी विवाद की बात कही जा रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो की सत्यता, उसमें दिखाई दे रहे युवकों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



