समाचार सच, अध्यात्म डेस्क। हिंदू धर्म में एकादशी तिथि का विशेष महत्व है। हर महीने के कृष्ण व शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि भगवान विष्णु को समर्पित है। अब भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को परिवर्तिनी एकादशी व्रत रखा जाएगा। इस बार परिवर्तिनी एकादशी 3 सितंबर को है। इस दिन भगवान विष्णु व माता लक्ष्मी की विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है। मान्यता है कि यह दिन जगत के पालनहार भगवान विष्णु की कृपा पाने के लिए उत्तम होता है। इस दिन भक्तों द्वारा किए गए कुछ उपायों से भगवान विष्णु प्रसन्न होते हैं और मनवांछित फल प्रदान करते हैं। जानें परिवर्तिनी एकादशी पर किन उपायों को करना चाहिए।
परिवर्तिनी एकादशी उपाय-
- तुलसी का पौधा हिंदू धर्म में पूजनीय है। तुलसी को भगवान विष्णु का प्रिय माना जाता है। एकादशी के दिन भगवान विष्णु को तुलसीदल का भोग लगाना अत्यंत शुभ माना गया है। इसके अलावा आप अन्य भोग में भी तुलसी दल डालकर श्रीहरि को अर्पित कर सकते हैं। मान्यता है कि एकादशी के दिन भगवान विष्णु को तुलसी दल युक्त भोग लगाने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है और मनोकामना पूर्ण होती है।
- परिवर्तिनी एकादशी के दिन सूर्याेदय से पूर्व उठकर स्नान आदि करने के बाद तुलसी पूजन करना अत्यंत शुभ माना गया है। मान्यता है कि इस दिन तुलसी पूजन के बाद भगवान विष्णु के मंत्र ‘ऊँ नमो भगवते वासुदेवाय’ का जाप करते हुए परिक्रमा भी करनी चाहिए। माना जाता है कि ऐसा करने से कार्यों की विघ्न-बाधा दूर होती है और जीवन में धन-धान्य बढ़ता है।
- परिवर्तिनी एकादशी के दिन पीले रंग के वस्त्र धारण करना अत्यंत शुभ माना गया है। मान्यता है कि पीला रंग भगवान विष्णु को प्रिय है। पूजा करने के बाद किसी गरीब व जरूरतमंद को पीले रंग के वस्त्र, पीली दाल या पीले रंग की मिठाई दान करनी चाहिए। कहते हैं कि ऐसा करने से कार्यों की अड़चनें दूर होती हैं और तरक्की प्राप्त होती है।
- परिवर्तिनी एकादशी के दिन तुलसी के पास सुबह व शाम को घी का दीपक जलाना चाहिए। इसके साथ ही माता तुलसी को सोलह श्रृंगार अर्पित करना चाहिए। तुलसी को मां लक्ष्मी का स्वरूप माना गया है। मान्यता है कि ऐसा करने से मां लक्ष्मी का घर पर स्थायी वास होता है। ध्यान रखें कि इस दिन तुलसी पर जल नहीं चढ़ाना चाहिए।
- परिवर्तिनी एकादशी के दिन पीपल के वृक्ष की पूजा अत्यंत शुभ मानी गई है। मान्यता है कि पीपल के पेड़ पर भगवान विष्णु वास करते हैं। कहते हैं कि एकादशी के दिन पीपल के पेड़ पर जल चढ़ाने और दीपक जलाने से भगवान विष्णु प्रसन्न होते हैं, साथ ही जीवन में आर्थिक खुशहाली आती है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440