समाचार सच, देहरादून। दिल्ली में कोरोना के उफान के बाद प्रदेश सरकार ने वहां से उत्तराखंड आने वालों और यहां से दिल्ली जाने वालों की निगरानी बढ़ाने का फैसला किया है। यूपी की सीमा पर जहां से भी लोग दिल्ली से राज्य में प्रवेश कर सकते हैं, वहां सरकार सर्विलांस बढ़ा रही है। राज्य की सीमाओं पर एंटीजन टेस्टिंग भी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों को टेस्टिंग और सर्विलांस बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सचिव स्वास्थ्य अमित सिंह नेगी के मुताबिक, सभी जिलाधिकारियों को केंद्रीय गृह मंत्रालय और राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी तैयारी करने को कहा गया है। दिल्ली बॉर्डर पर खास एहतियात बरती जा रही है। उधर राज्य में कोरोनाकाल के 36 हफ्ते पूरे हो गए। राज्य में कोरोना ने 15 मार्च को दस्तक दी थी। 21 मार्च तक कोरोना के तीन मामले सामने आए थे। 36वां हफ्ता पूरा होने पर जो तुलनात्मक तस्वीर सामने आई है, उसके अनुसार इस हफ्ते पिछले चार हफ्तों की तुलना में संक्रमण दर बढ़ गई है। 33वें हफ्ते में संक्रमण दर 2.85 थी, जो बढ़कर 4.34 हो गई है। इस सप्ताह 2788 कोरोना संक्रमण के मामले आए, जिनमें से 2955 ठीक भी हो गए। थोड़ी राहत की बात यह है कि पिछले चार हफ्तों से कोरोना मरीजों की मौत का औसत 40 के आसपास है। दिल्ली में कोरोना के उफान और उत्तराखंड में नई लहर के खतरे के बीच 36वें हफ्ते में टेस्टिंग का कम होना भी चिंताजनक माना जा रहा है। 36वें हफ्ते में 15 से 21 नवंबर के बीच 64,278 टेस्ट हुए। जबकि पिछले माह 32वें हफ्ते में 18 से 24 अक्तूबर के मध्य 85,110 टेस्ट हुए थे।
दिल्ली में कोरोना के उफान से उत्तराखंड सरकार की पेशानी पर बल हैं। नजदीक होने के चलते दिल्ली से कोरोना संक्रमण बढ़ने का खतरा उत्तराखंड ज्यादा महसूस कर रहा है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दिल्ली की तुलना चीन से कर डाली। उन्होंने दिल्ली में कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों पर कहा कि जैसे चीन से कोरोना वायरस दुनिया में गया, ऐसे ही दिल्ली से आज कोरोना वायरस उत्तराखंड की ओर से तेजी से बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से खास सावधानी बरतने की अपील की। खासतौर पर उन्होंने दिल्ली से उत्तराखंड आने वाले और उत्तराखंड से दिल्ली जाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है। बकौल मुख्यमंत्री, दिल्ली से कोरोना संक्रमण के जिस तरह से आंकड़े सामने आ रहे हैं, वह बहुत चौंकाने वाले हैं। मुख्यमंत्री की यह चिंता कोरोना संक्रमितों की संख्या में भी दिखी है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












