
समाचार सच, देहरादून/ नई टिहरी। उत्तराखंड में टिहरी जिले के देवप्रयाग में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। इससे यहां नगर पालिका का बहुउददेशीय भवन समेत कई दुकानें और मकान जमींदोज हो गये हैं। गनीमत रही कि कोविड कर्फ्यू के चलते दुकानें बंद थी, जिससे कोई जनहानि नहीं पहुंची है।
ज्ञात हो कि राज्य में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पहाड़ों में तेज बारिश व बर्फबारी का सिलसिला जारी है। मंगलवार को भारी बारिश के चलते देवप्रयाग में बादल फटने से काफी नुकसान हो गया है। डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। फिलहाल, एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल की तरफ बढ़ रही है।
करीब सायं पांच बजे आये शांता नदी के उपरी छोर पर बादल फटने से नदी ने विकराल रूप धारण कर लिया। नदी में आए मलबे ने शांति बाजार में भारी तबाही मचा दी। नगर पालिका का बहुउददेशीय भवन समेत दो भवन जमींदोज हो गए। यहां मलबे के चलते पैदल पुल का भी कहीं अता पता नहीं है। इसके अलावा बिजली की लाइन, पेयजल लाइन को भी भारी नुकसान की सूचना है।
इधर नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण कांत कोटियाल ने बताया कि बादल फटने से शहर में भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि अभी नुकसान का आंकलन करना मुश्किल है। पालिका के दो भवन पूरी तरह से जमींदोज हो गए हैं। प्रशासन को इसकी जानकारी दे दी गई है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












