समाचार सच, हल्द्वानी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों को जिला योजना, राज्य सैक्टर, केन्द्र पोषित व बाह्य सहायतित योजनाओं में अवमुक्त धनराशि का शत-प्रतिशत उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि विभाग आपसी सांमजस्य स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाना सुनिश्चित करें। साथ ही योजना क्रियान्वयन में सहयोग न करने वाले बैंकों से सरकारी खाते स्थानान्तरित कर दिए जाएं। काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री ने विभागवार योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि फार्म मशीनरी बैंको का आवंटन जनपद के सभी क्षेत्रों में समान रूप से किया जाए। साथ ही कृषि सिंचाई हेतु गूल के स्थान पर हाई डेंसिटी पाइप लाईन व्यवस्था पर कार्य किया जाय। मुख्यमंत्री ने उद्यान विभाग द्वारा मशरूम विलेज भवालीगांव, नथुवाखान में मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में किये गये कार्यों की सराहना की। साथ ही निर्देश दिए कि रामगढ़ में 162 हैक्टेयर क्षेत्रफल वाले फार्म को उद्यान व वन को नुकसान पहुंचाए बिना आध्यात्मिक ईको जोन के रूप में विकसित किया जाय। इसके लिए उद्यान विभाग, केएमवीएन व मण्डी परिषद द्वारा तैयार अवधारणा का अध्ययन करते हुए पर्यटन विकास हेतु भी कार्य योजना तैयार की जाए। मुख्यमंत्री ने पशुपालन की समीक्षा में जिले में सैक्स्ड सार्टेड सीमन से कृत्रिम गर्भाधान विधि को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। ग्राम्य विकास विभाग को निर्देश दिए कि जिले में खुलने वाले हिलांस आउटलेट का एक ही डिजाइन व कलर कोडिंग की जाये। जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान जल संस्थान के अधिकारियों को जनहित में मानकों में शिथिलता लाते हुए लक्षित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। रावत ने मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि योजना के हिसाब से सबसे ज्यादा फिजिबल क्षेत्रों का चयन करते हुए उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाय। साथ ही योजना से लाभांवित करने के लिए जनपद स्तर पर ही लक्ष्य निर्धारित किया जाय। योजनाओं के संबंध में सीएम ने सख्त लहजे में कहा कि जो बैंक रोजगारपरक योजनाओं के अन्तर्गत लाभार्थियों को ऋण आवंटित करने में सहयोग प्रदान नहीं कर रहे हैं, ऐंसे सभी बैंकों से सरकारी खाते अन्य बैंकों में स्थानान्तरित कर दिये जायं। नैनीताल में बन रहे बीएम साह ओपन एयर थियेटर की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि किसी ऐंसी वॉल (दीवार) का चयन किया जाय, जिस पर म्यूरल्स आदि के माध्यम से उत्तराखण्ड की पूरी कला एवं संस्कृति की झलक देखने को मिल सके। साथ ही राज्य की महिलाओं की पूर्व दशा, महिलाओं की वर्तमान स्थिति तथा महिलाओं की स्थिति सुधार हेतु भविष्य के लिए निर्धारित लक्ष्य को भी प्रस्तुत किया जा सके। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पर्यटन व सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चौखुटिया हवाई पट्टी निर्माण हेतु आवश्यक कार्यवाही के निर्देश मण्डलायुक्त को दिये। साथ ही कहा कि 16 जुलाई को हरेला पर्व पर आयोजित होने वाले पौधारोपण कार्यक्रम की तैयारियों को जिलाधिकारियों के साथ बैठक योजना बनाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को जल संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में भी प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में विधायक बंशीधर भगत व संजीव आर्य ने विधायक निधि के अन्तर्गत धनराशि खर्च करने में आ रही दिक्कतों के बारें में जानकारी दी। इस पर मुख्यमंत्री ने सीडीओ को इस समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दीन दयाल अन्त्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों हेतु जनपद नैनीताल के निर्मित नये ई-मार्केट पोर्टल की लॉचिंग भी की।
बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.धनसिंह रावत, विधायक बंशीधर भगत, नवीन दुम्का, संजीव आर्य, राम सिंह कैड़ा, जिलाध्यक्ष भाजपा प्रदीप बिष्ट के अलावा मण्डलायुक्त अरविन्द सिंह हयांकी, आईजी अजय रौतेला, अपर सचिव मुख्यमंत्री डॉ मेहरबान सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी धीराज गर्ब्याल, एसएसपी प्रीति प्रियदर्शनी, प्रबन्ध निदेशक केएमवीएन रोहित कुमार मीणा समेत समस्त विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


