महेंद्र चौहान का शव झील से बरामद, एक दिन पहले भी मिला था स्थानीय युवक का शव
समाचार सच, नैनीताल। नैनीताल की पहचान मानी जाने वाली नैनी झील लगातार दूसरे दिन एक शव मिलने की घटना के बाद फिर चर्चा में है। महज 48 घंटे के भीतर झील से दूसरा शव बरामद होने से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बन गया है। पुलिस ने दोनों मामलों की अलग-अलग जांच शुरू कर दी है।
शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने नैनी झील में एक व्यक्ति का शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही मल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला। बाद में उसकी पहचान ऑल सेंट्स कॉलेज कंपाउंड निवासी महेंद्र चौहान के रूप में हुई।
परिजनों के मुताबिक महेंद्र चौहान शुक्रवार देर रात करीब एक बजे घर से शौचालय जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। रातभर परिजनों और परिचितों ने उनकी तलाश की, मगर कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह झील से शव मिलने की सूचना मिली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी नैनी झील से स्थानीय निवासी मनीष शाह का शव बरामद हुआ था। लगातार दो दिनों में झील से दो शव मिलने की घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच अलग-अलग की जा रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



