तपोवन सुरंग से शव मिलने का सिलसिला जारी, दो शव और मिले

खबर शेयर करें

देहरादून/जोशीमठ। ऋषिगंगा जल प्रलय के दसवें दिन तपोवन जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में मलबा हटाने का कार्य जारी है। परियोजना के बैराज की ओर मलबा जमा है जिसमें शवों के दबे होने की आशंका है। सुरंग से मिले दो शव में से एक की शिनाख्त हो गई है। मृतक का नाम अनिल है और वह कालसी देहरादून का रहने वाला था। सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि ग्लेशियरों पर नजर रखने के लिए अलग विभाग बनाया जाएगा। चमोली जिलाधिकारी स्वाती भदौरिया ने आपदा के राहत बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने सर्च ऑपरेशन के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। लापता लोगों से परिजनों से भी वह मिलीं। डीआईजी एसडीआरएफ रिद्धीम अग्रवाल ने बताया बरामद कुल 58 शवों में से 31 की पहचान हो चुकी है। सुरंग से मिले 11 शवों की पहचान की जा चुकी है। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ के साथ डॉग स्क्वॉयड रैणी गांव, तपोवन और आसपास के इलाकों में लापता लोगों की खोज कर रहे हैं। एनडीआरएफ की एक टीम विष्णुप्रयाग में अलकनंदा नदी के किनारे सर्च ऑपरेशन चला रही है। मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे तपोवन सुरंग के अंदर मलबा हटाने के दौरान अचानक पानी आना शुरू हो गया। जिसके बाद राहत बचाव कार्य रोक दिया गया है। सुरंग से पानी की निकासी के लिए पंप लगाया जा रहा है। उत्तराखंड के सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज का कहना है कि हम इस बात से चिंतित हैं कि ग्लेशियर कैसे पिघल रहे हैं और पहाड़ों में ज्वार लहर पैदा कर रहे हैं। प्लूटोनियम पैक जिसे चीन की गतिविधियों की निगरानी करने के लिए रखा गया था, वह अब वहां नहीं है। हम सरकार से पैक की भी जांच करने का अनुरोध करते हैं। ऋषिगंगा में आई आपदा में ऊर्जा निगम को करीब 30 लाख का नुकसान हुआ है। सीमांत गांव पैंग में अभी भी बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए काम चल रहा है। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता कैलाश कुमार के अनुसार तपोवन से पैंग गांव तक करीब तीन किमी बिजली लाइन टूट गई, जिससे पैंग गांव की आपूर्ति ठप है। आपदा में 32 बिजली के पोल और तीन ट्रांसफार्मर बह गए थे। रैणी से पैंग गांव जाने के लिए सड़क और पैदल रास्ते टूट चुके हैं, जिसके चलते मजदूरों को हेली सेवा के जरिए क्षेत्र में पहुंचा दिया गया है। ट्रांसफार्मर, बिजली के पोल और तार भी क्षेत्र में पहुंचाए जा चुके हैं। आपदा के बाद घाटी में बने कठिन हालातों में कर्मचारी और मजदूर लाइन बिछाने में जुटे हैं। 11 केवी बिजली की लाइन बिछाने का काम जारी है। जल्द गांव में बिजली बहाल कर दी जाएगी। तपोवन जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग से दो और शव मिले हैं। अब कुल मृतकों की संख्या 58 हो गई है। वहीं लापता 206 लोगों में से अभी भी 146 लापता है। सुरंग से अब तक 11 शव निकाले जा चुके हैं। वहीं परियोजना के बैराज की ओर मलबा जमा है जिसमें शवों के दबे होने की आशंका है।

यह भी पढ़ें -   खान सर के कोचिंग सेंटर पर देर रात हंगामा, गार्ड घायल, पुलिस ने शुरू की जांच

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440