समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. अमिता उप्रेती में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। वे फिलहाल होम आइसोलेशन में हैं। कुछ दिन पहले स्वास्थ्य महानिदेशक के पति भी कोरोना संक्रमित हुए थे। वे गांधी शताब्दी अस्पताल में वरिष्ठ परामर्शी पैथोलाजिस्ट हैं। उत्तराखंड में कोरोना वायरस संक्रमण का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता राजेंद्र भंडारी और उनकी पत्नी भी संक्रमित पाई गईं। उन्हें एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष के स्टाफ की भी जांच कराई गई थी, जो निगेटिव आई है। पछवादून में चिकित्सकों ने 232 व्यक्तियों का कोरोना टेस्ट किया। विकासनगर अस्पताल क्षेत्र में 107 और सीएचसी सहसपुर में 125 व्यक्तियों के आरटी पीसीआर, ट्रूनेट और रेपिड एंटीजिन टेस्ट में दो महिलाओं समेत छह लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। धूलकोट क्षेत्र की जिस कालोनी में अब तक 24 व्यक्ति संक्रमित पाए जा चुके हैं, उसमें एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एक ही कालोनी में दो दर्जन से अधिक मामले आने से चिकित्सक भी चिंतित हैं। साथ ही कालोनी में रहने वाले परिवारों में हड़कंप की स्थिति है। उप जिला चिकित्सालय विकासनगर के नोडल अधिकारी डा. प्रदीप चौहान ने जानकारी दी कि चिकित्सकों ने 107 व्यक्तियों के टेस्ट किए गए। टेस्ट में कैंपटी निवासी एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बाबूगढ़, बरोटीवाला में तीन व्यक्ति संक्रमित पाए गए हैं। उपरोली साहिया की एक महिला अस्पताल में इलाज कराने आई थी, जिसमें कोरोना के लक्षण पाए जाने पर टेस्ट किए गए। सभी को होम आइसोलेट किया गया। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर की प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. विनीता स्याना ने बताया कि चिकित्सकों ने 125 लोगों के आरटी पीसीआर और रेपिड एंटीजिन टेस्ट किए। धूलकोट क्षेत्र की जिस कालोनी में शादी समारोह में शामिल होने वाले जिन 24 व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी, उसको देखते हुए चिकित्सकों ने सोमवार को कालोनी में रहने वालों के टेस्ट किए तो एक और महिला पॉजिटिव निकली। चिकित्सकों ने कालोनीवासियों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है। सभी को अनिवार्य रूप से मास्क पहनने व शारीरिक दूरी के मानकों का पालन करने की हिदायत दी है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












