गुजरात से आए यात्रियों की कार गंगनानी के पास बनी हादसे का शिकार, नदी के तेज बहाव और दुर्गम रास्ते के बीच SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
समाचार सच, उत्तरकाशी डेस्क।
उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर एक बार फिर रफ्तार और अनियंत्रित वाहन का कहर देखने को मिला है। उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और सीधे नदी में समा गई। हादसा इतना भीषण था कि अब तक नदी किनारे से चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं, वाहन में सवार अन्य लोगों के भी नदी में बहने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीमें
जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार को पुलिस को डेल्टा के माध्यम से सूचना मिली कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास धारा कुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं।
मौके पर पहुंची राहत एवं बचाव टीमों ने नदी किनारे और आसपास के संभावित स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान नदी किनारे चार लोगों के शव बरामद हुए, जिन्हें बाहर निकालने की कार्रवाई की गई।
कार में कितने लोग थे सवार, अभी स्पष्ट नहीं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार यात्री गुजरात के बताए जा रहे हैं। हालांकि, कार में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। चार शव मिलने के बाद अन्य यात्रियों के भी नदी में लापता होने की आशंका के चलते सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
तेज बहाव और दुर्गम रास्ता बना चुनौती
घटनास्थल की भौगोलिक परिस्थितियां और नदी का तेज बहाव राहत एवं बचाव कार्य में चुनौती पैदा कर रहे हैं। एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें नदी के किनारों तथा आसपास के संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चला रही हैं।
आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं ने बताया कि गंगनानी के पास इनोवा कार नदी में गिरने की सूचना पर तत्काल पुलिस, एसडीआरएफ और आपातकालीन सेवा की टीमों को मौके पर भेजा गया। अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं। वाहन में अन्य लोगों के सवार होने की आशंका को देखते हुए नदी में तलाश जारी है। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही मृतकों और लापता लोगों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसमें सवार यात्रियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सफर की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



