पैकेट पर 4 प्रतिशत फैट का दावा, प्रयोगशाला जांच में निर्धारित मानक से भी कम मिली मात्रा; त्योहारी सीजन में 21 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 14 खाद्य नमूने लिए
समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क।
त्योहारी सीजन में बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के बीच एक बड़ा मामला सामने आया है। मदर डेयरी के पैक्ड गाय के दूध के नमूने की केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला से आई जांच रिपोर्ट में फैट की मात्रा निर्धारित मानक से कम पाई गई है। हैरानी की बात यह है कि दूध के पैकेट पर न्यूनतम 4 प्रतिशत फैट होने का दावा किया गया था, जबकि जांच में इसकी मात्रा केवल 2.9 प्रतिशत निकली। प्रयोगशाला ने नमूने को अधोमानक और मिथ्याछाप घोषित किया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अनुसार, अगस्त 2026 में हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र के भोलानाथ गार्डन स्थित मदर डेयरी के वितरक से पैक्ड गाय के दूध का नमूना लिया गया था। प्रारंभिक जांच में राजकीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला रुद्रपुर ने भी नमूने को अधोमानक पाया था। इसके बाद अपील के तहत नमूने को केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला गाजियाबाद भेजा गया।
21 अक्टूबर 2026 को जारी जांच रिपोर्ट में दूध के नमूने में फैट की मात्रा 2.9 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि निर्धारित न्यूनतम मानक 3.2 प्रतिशत है। वहीं पैकेट पर न्यूनतम 4 प्रतिशत फैट होने का उल्लेख था। इस तरह जांच में फैट की मात्रा निर्धारित मानक से भी कम पाई गई। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नमूने को अधोमानक एवं मिथ्याछाप घोषित करते हुए मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
त्योहारी बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी
दूसरी ओर दीपावली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान तेज कर दिया है। 4 नवंबर को रामनगर, हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र और हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र के लालकुआं में विभागीय टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान 21 अलग-अलग प्रतिष्ठानों से गुड़, गुलाब जामुन, आटे के लड्डू, खिलौना मिठाई, पेड़ा, बेसन के लड्डू, बालूशाही और तिल-खोया लड्डू सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 14 नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
दुकानदारों को साफ-सफाई और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को सुरक्षित परिस्थितियों में रखने और ग्राहकों को गुणवत्तायुक्त सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खरीदारी से पहले पैकेट की जानकारी जरूर जांचें
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों के दौरान दूध, मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकिंग, निर्माण तिथि, अंतिम उपयोग की तिथि और खाद्य लाइसेंस संबंधी जानकारी अवश्य जांचें। यदि कहीं मिलावट या अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार अथवा बेची जाती दिखाई दे तो इसकी सूचना विभाग को दें।
लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
अभियान में तहसीलदार लालकुआं ईश्वर सिंह, सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी अजय सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हल्द्वानी नगर निगम तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह सहित विभागीय टीम के सदस्य शामिल रहे।
सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी अजय सिंह रावत ने बताया कि जनपद में सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण, नमूना संग्रह और नियमानुसार विधिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



