प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की फीस कम करने की मांग

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी व गवर्नमेंट दून मेडिकल कॉलेज देहरादून के छात्रों व अभिभावकों ने प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों की फीस कम करने की मांग की है। इसे लेकर ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा गया है। इस मांग के संबंध में 300 छात्रों ने सीएम को ई-मेल भी भेजी है। कहा गया है कि विगत शैक्षणिक वर्ष 2019 में रिक्त स्थान पूरे होने की बात कहकर सरकार ने राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी व देहरादून से बॉन्ड सर्विस की सुविधा समाप्त कर दी थी। इसके बाद इन मेडिकल कॉलेजों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को प्रति वर्ष 4.26 लाख रुपए शिक्षा शुल्क के रूप में जमा करने पड़ रहे हैं। जिसे दे पाना मध्यम वर्गीय परिवार से आने वाले विद्यार्थी के लिए संभव नहीं है। कहा गया है कि एजुकेशन लोन की राशि भी मात्र 8 लाख रुपए है, जबकि विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा पूरी करने हेतु 20 लाख रुपए चुकाने पड़ते हैं। ऐसे में मेडिकल कॉलेजों की महंगी शिक्षा से छात्रों के अभिभावक कर्ज के बोझ तले दबते चले जा रहे हैं। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि हिमाचल, उत्तर प्रदेश व पंजाब जैसे प्रदेशों में बिना बॉन्ड की सुविधा के भी मेडिकल कॉलेजों का शुल्क ज्यादा से ज्यादा 1.2 लाख रुपए प्रतिवर्ष है। जबकि उत्तराखंड में छात्रों को प्रतिवर्ष चार लाख शुल्क के रूप में मेडिकल कॉलेजों में जमा करने पड़ रहे हैं। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से अभिभावकों की स्थिति व छात्रों के भविष्य को देखते हुए अन्य प्रदेशों की तर्ज पर प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में भी शिक्षा शुल्क कम करने की मांग की है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440