समाचार सच, हल्द्वानी। नगर में मादक पदार्थों की तस्करी लगातार बढ़ रही है। इसके खिलाफ पुलिस अभियान भी चलाए हुए है, लेकिन इस अवैध कारोबार में कमी नहीं आ रही है। तस्कर जमानत पर छूटने के बाद जहां इस कारोबार को पुनः अंजाम दे रहे हैं। वहीं इस कारोबार में नए चेहरे भी सामने आ रहे हैं। इसके खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बीती रात भी पुलिस के हाथ सफलता लगी है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बनभूलपुरा थाना पुलिस के अनुसार बीती रात टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इस बीच रेलवे क्रॉसिंग के पास दो युवक संदिग्धावस्था में खड़े दिखे। जब पुलिस कर्मियों ने उन्हें पास आने के लिए कहा तो वह भागने की कोशिश करने लगे। शक होने पर पुलिस कर्मियों ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया। तलाशी में दोनों के पास से 3.7 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पकड़े गये तस्करों ने अपना नाम फिरोज उर्फ पकिया पुत्र अबरार अहमद व मेहबूब उर्फ मकुब पुत्र मुख्तियार अहमद निवासी गफूर बस्ती बताया है। तस्करों ने बताया कि वह इस कारोबार में लंबे समय से लिप्त हैं। दोनों किच्छा, बहेड़ी व बरेली समेत आस-पास के क्षेत्रों से सस्ते दामों में खरीदते हैं और उसे यहां लाकर महंगे दामों में ग्राहकों को बेचते हैं। पुलिस को दोनों से पूछताछ में यहां कुछ तस्करों के ठिकानों के बारे में भी जानकारी मिली हैं। इन जानकारियों के आधार पर पुलिस अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस ने पकड़े गये तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












