समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति, हल्द्वानी की कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को समिति कार्यालय (सभागार) में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष भुवन भास्कर पांडे ने की, जबकि संचालन महामंत्री डी.के. पांडे द्वारा किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए 10 नए सदस्यों को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया। इनमें किरण कुमार कबड़वाल, उर्बा दत्त जोशी, अंबादत्त डोर्बी, डॉ. शिवदत्त तिवारी, श्रीमती मीरा श्रोतिया, राजेंद्र सिंह बिष्ट, राजाराम, देवेंद्र सिंह खाती, रमेश चंद्र पांडे तथा सुमन चंद्र जोशी शामिल हैं।
नवनियुक्त सदस्यों को बधाई देते हुए उनसे समिति की बैठकों में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा समिति के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने का अनुरोध किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यकारिणी के सभी सदस्य प्रत्येक बृहस्पतिवार प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक समिति कार्यालय में नियमित रूप से समिति कार्यों का संचालन करेंगे। इसके लिए कार्यालय के बाहर सूचना बोर्ड भी लगाया जाएगा।
समिति के विस्तार एवं सशक्तीकरण के उद्देश्य से सभी पदाधिकारियों को कम से कम चार-चार तथा कार्यकारिणी सदस्यों को दो-दो नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया गया। साथ ही सदस्यों से निर्धारित मासिक अभिदान नियमित रूप से जमा करने का अनुरोध किया गया, जिसकी समय-समय पर समीक्षा भी की जाएगी।
बैठक में आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर समिति के सदस्यों की सहभागिता को लेकर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि कालाढूंगी रोड एवं नैनीताल रोड क्षेत्र के सदस्य पतंजलि योग समिति द्वारा हरगोविंद सुयाल इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित योग शिविर में तथा रामपुर रोड क्षेत्र के सदस्य समाज कल्याण विभाग के निदेशालय परिसर में आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इसके अलावा इच्छुक सदस्यों के लिए अगले माह भ्रमण कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिस पर अंतिम निर्णय आगामी मासिक बैठक में लिया जाएगा।
बैठक में इंदर सिंह निगल्टिया, प्रताप सिंह जंतवाल, श्रीमती भगवती बिष्ट, आनंद सिंह भाकुनी, ललित मोहन लोहनी, मोहन चंद्र बुडलाकोटी, किरण कुमार कबड़वाल, उर्बादत्त जोशी, अंबादत्त डोर्बी, श्रीमती मीरा श्रोतिया, राजेंद्र सिंह बिष्ट, राजाराम, देवेंद्र सिंह खाती, पद्मादत्त पांडे, सुमन चंद जोशी, भैरव दत्त जोशी, बिशन दत्त जोशी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में अध्यक्ष भुवन भास्कर पांडे ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



