समाचार सच, हल्द्वानी। नशा मुक्ति केंद्र में पीट-पीट कर युवक की हत्या करने वाले 6 में से पांच आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। जबकि एक नाबालिग आरोपी को किशोर सदन भेजा गया है। नशा मुक्ति केंद्र में पीट-पीट कर युवक की हत्या करने का मामला पांच दिन पुराना है। इस मामले में तीन नवम्बर को ग्राम आगर पोस्ट देवल थल, पिथौरागढ़ निवासी जगदीश राम टम्टा ने मुखानी थाने में तहरीर दी। बताया कि 23 अक्टूबर को उसने कमलुवागांजा रोड स्थित आदर्श जीवन नशा मुक्ति केंद्र में अपने पुत्र प्रवीण कुमार को उपचार के लिए भर्ती कराया था। पांच दिन पूर्व नशा मुक्ति केंद्र में तैनात कर्मचारियों ने एक राय होकर उसके पुत्र को पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। निजी अस्पताल में चिकित्सकों के मृत घोषित करने के बाद भी घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई। अस्पताल से एंबुलेंस द्वारा उसके पुत्र का शव सीधे घर भेज दिया गया। उसके पुत्र के शरीर में चोट के निशान देख हत्या का पता चला और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। इस क्रम में पुलिस ने बुधवार की देर शाम नशा मुक्ति केंद्र के कर्मचारियों पियूष कौशिक पुत्र अनिल कुमार शर्मा निवासी रेलवे द्वार थला कॉलोनी मुरादाबाद व अभिषेक चंद्रा पुत्र सुभाष चंद्र निवासी काठगोदाम, अभय उर्फ बिट्टू पुत्र अक्षय जैन निवासी लालकुआं, अर्जुन रावत पुत्र मोहन सिंह रावत मल्ली बमोरी बॉबी अंसारी पुत्र शमशाद हुसैन अंसारी निवासी इंदिरा कॉलोनी काठगोदाम सहित एक किशोर को हिरासत में ले लिया। इन आरोपियों ने सफाई के लिए मना करने पर युवक की हत्या की बात कबूली। मामले में जानकारी देते हुए एसपी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों के गुनाह कबूल करने के बाद सभी के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त प्लास्टिक का पाईप, डंडा आदि बरामद कर लिया है। पुलिस ने इनमें से पांच आरोपियों को जेल भेज दिया है। जबकि किशोर को बाल सुधार गृह भेजा गया है। इस दौरान सीओ शांतनु पराशर के अलावा पुलिस टीम भी मौजूद रही।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


