समाचार सच, देहरादून। दून मेडिकल कॉलेज में परीक्षा के लिए आए एमबीबीएस के पांच छात्रों में कोरोना की पुष्टि हुई है। कॉलेज प्रबंधन ने करीब 45 छात्रों की जांच कराई थी, इसमें से पांच संक्रमित मिले हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कर हॉस्टल की एक विंग सील कर दी गई है। प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने बताया कि 17 सितंबर से 2016 और 2017 बैच के छात्रों की परीक्षाएं होनी हैं। जिस कारण 21 अगस्त से ही छात्र कॉलेज आना शुरू हो गए थे। सभी को अपनी जांच कराकर लाने के लिए कहा गया था। पर बच्चे एंटीजन रिपोर्ट लेकर आए थे। सभी हॉस्टल की एक ही विंग में तय गाइडलाइन के मुताबिक रह रहे थे। अब विंग को सील कर सैनिटाइज कराया जा रहा है। चिकित्सा शिक्षा विवि के कुलपति और परीक्षा नियंत्रक को भी इसकी जानकारी दी गई है। देहरादून जिले में कोरोना संक्रमण के मामले रोजाना रिकॉर्ड बना रहे हैं। जिले में रिकॉर्ड 290 केस सामने आए हैं। यह एक दिन में संक्रमित मिले मरीजों की सर्वाधिक संख्या है। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सर्जरी विभाग के एक डॉक्टर, दो स्टाफ नर्स और एक वॉर्ड आया पॉजिटिव पाई गई हैं। छावनी परिषद देहरादून के सभासद विनोद पंवार की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। तेलपुर में एक डेंटिस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हाल ही संक्रमित पाए गए लोक निर्माण विभाग के अभियंता की बेटी भी संक्रमित मिली है। वहीं, पंजाबी कॉलोनी, बेलावाला और हरबर्टपुर में भी एक-एक मामला आया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












