समाचार सच, हल्द्वानी।
हल्द्वानी की ऐतिहासिक एवं प्राचीन श्री रामलीला मंचन की तैयारियों ने अब विधिवत गति पकड़ ली है। श्री रामलीला कमेटी संचालन समिति-2026 की ओर से रामलीला मैदान में ध्वज स्थापना एवं पूजन कार्यक्रम श्रद्धा और धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। भगवान श्रीराम की लीला के शुभारंभ से पहले हुए इस धार्मिक अनुष्ठान के साथ ही रामलीला आयोजन का औपचारिक श्रीगणेश हो गया।
ध्वज स्थापना कार्यक्रम में रामलीला कमेटी के रिसीवर एवं संरक्षक नगर मजिस्ट्रेट, नगर महापौर गजराज बिष्ट, पूर्व महापौर जोगिंदर पाल सिंह रौतेला, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, प्रदीप बिष्ट सहित अन्य गणमान्य लोगों ने यजमान के रूप में पूजा-अर्चना में सहभागिता की। मनोज कुमार गुप्ता, विवेक कश्यप एवं तनुज गुप्ता भी पूजन कार्यक्रम में शामिल रहे।
विधि-विधान से हुआ पूजन, स्थापित हुआ हनुमान ध्वज
पंडित गोपाल दत्त शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन संपन्न कराया। पूजा-अर्चना के बाद हनुमान ध्वज का पूजन कर रामलीला मैदान में उसकी स्थापना की गई। ध्वज स्थापना के साथ ही वातावरण धार्मिक जयघोष से गूंज उठा और उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम एवं बजरंगबली के जयकारे लगाए।
आयोजकों के अनुसार ध्वज स्थापना को रामलीला मंचन की तैयारियों की महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा के रूप में देखा जाता है। इसके साथ ही मैदान में आगामी रामलीला को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं।
7 अक्टूबर से शुरू होगी रामलीला, 11 अक्टूबर को निकलेगी राम बारात
संचालन समिति सदस्य तनुज गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष रामलीला मंचन का शुभारंभ 7 अक्टूबर को गणेश पूजा के साथ किया जाएगा। वहीं 11 अक्टूबर को प्रथम नवरात्रि के अवसर पर भव्य राम बारात निकाली जाएगी।
राम बारात के आयोजन की सेवा-सहयोग की जिम्मेदारी प्राचीन शिव सेवा समिति को सौंपी गई है। आयोजकों की ओर से रामलीला के सभी कार्यक्रमों को भव्य और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने की तैयारियां की जा रही हैं।
ध्वज स्थापना कार्यक्रम में वेद प्रकाश अग्रवाल, एनबी गुणवंत, प्रदीप जनौटी, विजय अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, तनुज गुप्ता, हरिमोहन अग्रवाल, अमित जोशी, भोलानाथ केसरवानी, हरिमोहन अरोड़ा, रूपेंद्र नागर, डीके गुप्ता, सुरेश चंद्र अग्रवाल सहित रामलीला कमेटी एवं संचालन समिति से जुड़े अनेक पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
ध्वज स्थापना के साथ ही हल्द्वानी के रामलीला मैदान में अब श्रीराम की लीला के मंचन का इंतजार शुरू हो गया है। आने वाले दिनों में रामलीला से जुड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर शहर में माहौल और भी भक्तिमय होने की उम्मीद है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



