समाचार सच, देहरादून। आज उत्तराखण्ड राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत देहरादून स्थित अपने आवास पर बेतहाशा बढ़ती हुई बेरोजगारी तथा सरकार द्वारा बेरोजगारों की उपेक्षा की ओर राज्य व केंद्र सरकार का ध्यान केंद्रित करने एवं बेरोजगारों के सवालों को उठाने के लिये व सार्वजनिक विमर्श का केंद्र बनाने के लिये सांकेतिक उपवास पर बैठे। इस दौरान उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंद्र कुमार, ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव अनुपमा रावत, पूर्व प्रमुख प्रभुलाल बहुगुणा, जसबीर सिंह रावत, प्रदेश प्रवक्ता मनीष कर्णवाल, प्रवीण नौटियाल अभिषेक भंडारी मौजूद रहे।
उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी सरकार की घेराबंदी में जुट गई है। प्रदेशभर में बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार की गलत नीतियों के चलते बेरोजगारी चरम पर है। युवाओं में आक्रोश है। उन्होंने कहा भाजपा सरकारें युवाओं को रोजगार दिलाने में पूरी तरह से असफल रही है। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि साढ़े तीन साल के कार्यकाल के बाद भी त्रिवेंद्र सरकार कुंभकर्णी नींद में सोई हुई है। कांग्रेस ने प्रदेशभर में राज्य सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस ने मुख्यालय में धरना दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की त्रिवेंद्र सरकार जिन मुद्दों पर सत्ता में आई उनकी अनदेखी कर रही है। पिछले साढ़े तीन साल के कार्यकाल के बाद भी सरकार कुंभकर्णी नींद में सोई हुई है। त्रिवेंद्र सरकार को झकझोरने के लिए ही ये धरना आयोजित गया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी से जूझते प्रदेशवासियों को कोराना काल में घर वापसी करने वाले प्रवासी भुखमरी की कगार पर हैं। उनके हित में सरकार के पास कोई योजना नहीं है। सारे विभागों में पद खाली पड़े हैं और प्रदेश के युवा सरकार की तरफ टकटकी लगाए हुए हैं। पर सरकार अबतक उन्हें नौकरी नहीं दे पाई।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












