सेवानिवृत्ति के बाद भी निभा रहे समाज का फर्ज! चार वरिष्ठजनों ने दूरस्थ गांव के नन्हे बच्चों की मुस्कान बनकर जीता दिल

खबर शेयर करें

भीमताल के राजकीय प्राथमिक विद्यालय नाईसेला और आंगनबाड़ी केंद्र में स्कूल बैग, बिस्कुट और फ्रूटी वितरित, लगातार चौथे वर्ष भी जारी रही सेवा की मिसाल।

समाचार सच, हल्द्वानी/भीमताल (रिपोर्ट- सुश्री नीरू भल्ला)। आज के दौर में जहां अधिकांश लोग सेवानिवृत्ति के बाद आरामदायक जीवन बिताना पसंद करते हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो अपनी खुशियों से पहले समाज के भविष्य यानी बच्चों की मुस्कान को महत्व देते हैं। नैनीताल जनपद के विकासखण्ड भीमताल के दूरस्थ क्षेत्र स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय नाईसेला में एक बार फिर सेवा और संवेदनशीलता की ऐसी ही मिसाल देखने को मिली।

पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को स्कूल बैग, बिस्कुट और फ्रूटी वितरित की गई। इसके साथ ही निकटवर्ती आंगनबाड़ी केंद्र के नन्हे बच्चों को भी यही सामग्री भेंट की गई। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था।

यह भी पढ़ें -   अब काठगोदाम डाक बंगले से चलेगा जिला पंचायत कार्यालय! 14 करोड़ का बजट पास, कई बड़े फैसले

यह संपूर्ण सेवा कार्य वरिष्ठजन दयाकिशन बल्यूटिया, दिनेश चन्द्र पंतोला, इन्दर सिंह निगल्टिया एवं विष्णु सिंह रावत द्वारा अपने निजी खर्च पर किया गया। विशेष बात यह है कि यह सभी विभिन्न सरकारी विभागों से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और लगातार चौथे वर्ष इस तरह का सामाजिक सेवा अभियान चला रहे हैं।

इस अवसर पर वरिष्ठजनों ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। यदि हम अपने जीवन के अनुभव और अपनी सामर्थ्य का छोटा-सा हिस्सा भी उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित कर सकें, तो यही हमारे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी। समाज ने हमें बहुत कुछ दिया है, अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम आने वाली पीढ़ी को बेहतर अवसर और प्रेरणा दें।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड प्रवक्ता भर्ती परीक्षा 5 जुलाई: हल्द्वानी के 5 परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में धारा-163 लागू, जानिए क्या-क्या रहेगा प्रतिबंधित

उन्होंने कहा कि दान केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का माध्यम है। दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों तक पहुंचकर उन्हें यह एहसास कराना जरूरी है कि समाज उनके साथ खड़ा है। भविष्य में भी यह सेवा कार्य निरंतर जारी रहेगा और अन्य सक्षम लोगों से भी अपील है कि वे शिक्षा और बच्चों के विकास के लिए आगे आएं।

विद्यालय की शिक्षिकाओं ने वरिष्ठजनों के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका भावना पलड़िया, सीमा पाण्डे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, भोजन माता सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने वरिष्ठजनों के इस सेवा भाव की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440