रामनगर में राहुल सिंह दरम्वाल ने शुरू किया जनसंपर्क, हनुमान धाम में पूजा के बाद लोगों से की मुलाकात

खबर शेयर करें

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सक्रियता बढ़ाई, युवाओं के साथ छोई पहुंचे दरम्वाल, क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को बताया प्राथमिकता

समाचार सच, रामनगर डेस्क।
रामनगर विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में राहुल सिंह दरम्वाल ने जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। उन्होंने छोई स्थित हनुमान धाम मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। मंदिर दर्शन के बाद उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास और विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर बातचीत की।

राहुल सिंह दरम्वाल ने लोगों से अपील की कि वे क्षेत्र के विकास और समस्याओं के समाधान को ध्यान में रखते हुए अपना जनप्रतिनिधि चुनें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि ऐसा होना चाहिए जो जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा रहे और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करे।

पत्रकारिता छोड़कर समाजसेवा में सक्रिय होने का दावा
दरम्वाल ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता के माध्यम से जनसमस्याओं को उठाते रहे हैं और उनके समाधान के लिए प्रयास करते रहे हैं। अब उन्होंने नेशनल मीडिया से अलग होकर पूर्णकालिक रूप से समाजसेवा में सक्रिय रहने का निर्णय लिया है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में बिजली, पानी और सड़क से जुड़ी कई समस्याओं के समाधान के लिए वह प्रयास कर चुके हैं।

यह भी पढ़ें -   गोला पार्किंग के सामने कार और ई-रिक्शा की भिड़ंत, दो बच्चों समेत चार घायल; चालक फरार

स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार पर जताई प्राथमिकता
रामनगर के सरकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के संबंध में उन्होंने अधिकारियों और संबंधित विभागों से लगातार बातचीत करने की बात कही। इसके साथ ही वन ग्रामों की समस्याओं, सड़क, बिजली, पेयजल और सिंचाई नहरों से जुड़े मुद्दों को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

यह भी पढ़ें -   गोपाष्टमी व्रत 17 नवंबर को, गौ माता की सेवा और संरक्षण का लें संकल्प

दरम्वाल ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करना, आबादी वाले क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही से होने वाली परेशानियों पर काम करना और आवारा पशुओं से किसानों की फसलों को बचाना भी जरूरी है। उन्होंने पशुओं के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में प्रयास करने की बात कही।

उन्होंने बेहतर शिक्षा व्यवस्था, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, उचित मार्गदर्शन और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। साथ ही नशामुक्त और अपराधमुक्त रामनगर बनाने के लिए प्रयास करने की बात कही।
जनसंपर्क अभियान के दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में युवा और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440