समाचार सच, धर्म डेस्क। सनातन धर्म में गौ माता की पूजा, सेवा और संरक्षण का विशेष महत्व है। इसी परंपरा का प्रतीक गोपाष्टमी का पावन पर्व इस वर्ष 17 नवंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रज में गौ चारण लीला का शुभारंभ किया था। कार्तिक शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाने वाला यह पर्व गौ माता के प्रति श्रद्धा, सम्मान और सेवा भाव प्रकट करने का विशेष अवसर है।
श्रीमद्भागवत महापुराण के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने बाल्यकाल में गौ सेवा और गौ चारण की लीला से ब्रजवासियों को गौ माता की महत्ता का संदेश दिया था। गोपाष्टमी का पर्व इसी दिव्य प्रसंग की स्मृति में मनाया जाता है। शास्त्रों में गौ माता को सर्वदेवमयी बताया गया है और मान्यता है कि उनके शरीर में समस्त देवी-देवताओं एवं तीर्थों का वास होता है।
वैदिक काल में गौ धन को सर्वश्रेष्ठ धन माना जाता था। वेदों और पुराणों में कामधेनु गाय का विशेष उल्लेख मिलता है। श्रीमद् देवी भागवत महापुराण सहित विभिन्न धार्मिक ग्रंथों में माता कामधेनु की महिमा का वर्णन किया गया है। मान्यता है कि कामधेनु समस्त मनोकामनाओं को पूर्ण करने वाली दिव्य गौ माता हैं।
पौराणिक कथा के अनुसार, महर्षि वशिष्ठ के आश्रम में निवास करने वाली कामधेनु ने अपने दिव्य प्रभाव से राजा विश्वामित्र की विशाल सेना का सामना किया था। यह प्रसंग गौ माता की आध्यात्मिक शक्ति और महत्ता को दर्शाता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जिस स्थान पर गौ माता की सेवा, पूजा और सम्मान होता है, वहां सुख-समृद्धि और सकारात्मकता का वास रहता है। इसलिए गोपाष्टमी का पर्व केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे गौ सेवा और संरक्षण के संकल्प के रूप में भी मनाया जाना चाहिए।
आज सड़कों और मार्गों पर बड़ी संख्या में गौवंश भूखे-प्यासे भटकने को मजबूर हैं। ऐसे में गोपाष्टमी के अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति को संकल्प लेना चाहिए कि वह अपने सामर्थ्य के अनुसार गौ माता के लिए भोजन, पानी, उपचार और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था में योगदान देगा। गौ सेवा की शुरुआत स्वयं से करने पर ही भगवान श्रीकृष्ण की गौ संरक्षण की परंपरा को सार्थक किया जा सकता है।
गोपाष्टमी व्रत एवं पूजन-अर्चन का शुभ मुहूर्त: प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक।
आइए, इस गोपाष्टमी पर गौ माता की पूजा के साथ उनकी सेवा, सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प भी लें।
डॉ. नवीन चन्द्र जोशी
प्राचार्य, श्री महादेव गिरी संस्कृत महाविद्यालय, हल्द्वानी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



