मुख्यमंत्री के कालाढूंगी दौरे से पहले युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, कुसुमखेड़ा में पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कालाढूंगी दौरे के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जताया। युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष हेमन्त साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाते समय पुलिस की रोकटोक के विरोध में कुसुमखेड़ा चौराहे पर धरना दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

जानकारी के अनुसार, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता कार से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने कुसुमखेड़ा चौराहे पर उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस की घेराबंदी के बीच कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच काफी देर तक बहस होती रही। इसके बाद कार्यकर्ता चौराहे पर ही धरने पर बैठ गए और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष हेमन्त साहू ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने के अधिकार को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने जा रहे कार्यकर्ताओं को भारी पुलिस बल लगाकर रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।

यह भी पढ़ें -   पांच वर्ष की सामाजिक यात्रा का उत्सव, साथी संगठन ने बाल दिवस पर प्रतिभाओं को किया सम्मानित

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को अब तक न्याय नहीं मिल पाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। एक ओर सरकार महिला सम्मान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर रही है, वहीं दूसरी ओर अंकिता को न्याय दिलाने के सवाल पर जनता जवाब मांग रही है।

युवा नेता मयंक गोस्वामी ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से जूझ रही है। हल्द्वानी सहित पूरे उत्तराखंड में सड़कों की बदहाल स्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की कमजोर व्यवस्था से आमजन परेशान हैं। अस्पतालों में सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, लेकिन सरकार इन बुनियादी समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दे रही है।

यह भी पढ़ें -   जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने की पहल, ‘चलो कुछ अच्छा करें’ समिति ने बांटी पठन-पाठन सामग्री

छात्र नेता मेहुल साह एवं मंजू दानू ने कहा कि युवा कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस के माध्यम से विरोध की आवाज दबाने की कोशिशों के बावजूद संगठन जनता की समस्याओं को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेगा।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। गिरफ्तार किए गए लोगों में मयंक गोस्वामी, हर्ष शर्मा, अक्षत पाठक, घनिष्ठ कुमार, भावेश कुरिया, यश सिंहाना, साहिल राज और सचिन राठौर समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल बताए गए हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440