समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। बाल दिवस के अवसर पर सारथी फाउंडेशन समिति ने इस वर्ष भी अपनी सामाजिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्राइमरी पाठशाला बमोरी नगर में नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ खुशियों भरा आयोजन किया। कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाई, वहीं संस्था की ओर से दिए गए उपहारों ने उनके उत्साह को दोगुना कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इसके बाद सारथी फाउंडेशन समिति की ओर से बच्चों को खेलकूद और मनोरंजन के लिए कैरम, लूडो, शतरंज, फुटबॉल, पजल तथा छोटे बच्चों के लिए छोटी बॉल भेंट की गई। इसके साथ ही बच्चों को चॉकलेट और चिप्स के पैकेट भी वितरित किए गए। मनपसंद खेल सामग्री और उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष नवीन पंत ने कहा कि बच्चे हर साल बाल दिवस का बेसब्री से इंतजार करते हैं। संस्था के सदस्यों को भी इस दिन बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखने की विशेष उत्सुकता रहती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को खुशियां देने का अवसर मिलना संस्था के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्या चम्पा पुरोहित का विशेष आभार व्यक्त किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या चम्पा पुरोहित ने सारथी फाउंडेशन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था के विद्यालय से जुड़ने के बाद से बच्चों में बाल दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिलता है। बच्चे पूरे वर्ष इस आयोजन का इंतजार करते हैं। उन्होंने संस्था के सदस्यों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके द्वारा बच्चों को दिए गए उपहार और खेल सामग्री उनके लिए बेहद खास हैं।
कार्यक्रम का संचालन संस्था के सचिव ज्ञानेंद्र जोशी ने किया। इस अवसर पर अध्यक्ष नवीन पंत, सचिव ज्ञानेंद्र जोशी, सीए सरोज आनंद जोशी, योगेश पांडे, गिरीश चन्द्र लोहनी, प्रदीप सबरवाल, अनूप कुमार, हेमा जोशी, गीता बेलवाल, भावना जोशी, भावना पांडे, रंजना जोशी एवं संतोष गौड़ सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
सारथी फाउंडेशन समिति की यह पहल बच्चों के साथ खुशियां बांटने के साथ-साथ उनके खेल, मनोरंजन और रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का एक सराहनीय प्रयास रही।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



