
समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। साथी संगठन हल्द्वानी का पांचवां स्थापना दिवस एवं बाल दिवस समारोह शनिवार को जगदम्बा नगर स्थित श्री श्री गणपति बैंक्वेट हॉल में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, खेल, महिला सशक्तीकरण और लोक संस्कृति के क्षेत्र में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न विद्यालयों के बच्चों की प्रतियोगिताओं ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया।
समारोह की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष आनंद सिंह भाकुनी ने की। कार्यक्रम का संचालन महासचिव लक्ष्मण सिंह गोनिया एवं कोषाध्यक्ष जे.एस. खोलिया ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए अध्यक्ष आनंद सिंह भाकुनी ने संगठन की स्थापना, उसके उद्देश्यों और पांच वर्षों के दौरान किए गए सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। संगठन के संरक्षक एन.बी. गुणवंत ने कहा कि साथी संगठन पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निरंतर सक्रिय रहकर सामाजिक दायित्वों का निर्वहन कर रहा है। उन्होंने भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक सुमित हृदयेश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में खेल विभाग उत्तराखंड के सेवानिवृत्त उप निदेशक सुरेश चंद्र पाण्डेय, सेवानिवृत्त उप क्षेत्राधिकारी एवं पर्यावरणविद् मदन सिंह बिष्ट, महिला उद्यमी रूबी भटनागर, सामाजिक कार्यकर्ता नानक चंद्र लोहिया एवं योगेश जोशी शामिल रहे।
खेल जगत में योगदान एवं उपलब्धियों के लिए संस्था के सदस्य भीम सिंह वैद्य (एथलीट) और सचिन्द्र सिंह वाल्दिया को भी सम्मानित किया गया। वहीं संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीवन चन्द्र पन्तौला को सामाजिक गतिविधियों में उनके उल्लेखनीय योगदान और संगठन के प्रति सक्रिय भूमिका के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मानित अतिथियों ने अपने विचार रखते हुए संगठन की सामाजिक गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने, सामाजिक जागरूकता बढ़ाने तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। सुरेश चंद्र पाण्डेय ने विशेष रूप से युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने और उभरती खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर उपलब्ध कराने की बात कही।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए आयोजित प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहीं। लिटिल फ्लावर स्कूल, सिल्वर स्टोन पब्लिक स्कूल तथा खालसा नेशनल बालिका इंटर कॉलेज, हल्द्वानी के विद्यार्थियों ने सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, कुर्सी दौड़ एवं कुमाऊंनी भाषा में भाषण प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कुमाऊंनी भाषा में आयोजित भाषण प्रतियोगिता ने उपस्थित लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी मातृभाषा में आत्मविश्वास के साथ विचार प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी लोकभाषा, संस्कृति और क्षेत्रीय पहचान से जोड़ने का संदेश दिया गया। प्रतियोगिता के संचालन एवं मूल्यांकन की जिम्मेदारी संस्था के वरिष्ठ सदस्य लीलाधर पाण्डेय ने निभाई। उन्होंने मातृभाषा के संरक्षण और इसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष आनंद सिंह ठठोला ने संगठन की स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर सकारात्मक सामाजिक बदलाव की दिशा में कार्य करना है।
मुख्य अतिथि विधायक सुमित हृदयेश ने साथी संगठन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने संगठन के सदस्यों से जनहित के कार्यों को इसी प्रकार निरंतर आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने का आह्वान किया।
समारोह को सफल बनाने में संस्था के सदस्यों किशोर कुमार जोशी, भुवन चंद्र उप्रेती, पूरन चंद्र कांडपाल, हिमांशु पवार, नीमा जोशी, के.के. जोशी, गोविंद सिंह भोरियल, बी.आर.के. पंत, दिनेश चंद्र पाठक, आनंदी नेगी, आनंद सिंह रावत, भुवन चंद जोशी, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, मोहन सिंह महरा, पूरन सिंह महरा, रघुनाथ सिंह मनराल, राजेंद्र सिंह बोरा, जगदीश चंद्र जोशी, रमा रौतेल, कमला तिवारी, बसंती अधिकारी एवं बसंती जौहरी सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के समापन पर संस्था के अध्यक्ष आनंद सिंह भाकुनी ने मुख्य अतिथि विधायक सुमित हृदयेश, सम्मानित अतिथियों, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए श्री श्री गणपति बैंक्वेट हॉल निशुल्क उपलब्ध कराने पर इसके स्वामी विजय भट्ट का विशेष धन्यवाद किया।
साथी संगठन का पांचवां स्थापना दिवस समारोह सामाजिक एकजुटता, प्रतिभाओं के सम्मान, बाल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और कुमाऊंनी लोकभाषा के संरक्षण का संदेश देने वाला आयोजन रहा। संगठन ने भविष्य में भी शिक्षा, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



