समाचार सच, हल्द्वानी।
जिला सूचना अधिकारी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन से पूरे पत्रकारिता जगत और प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर है। रविवार को हल्द्वानी मीडिया सेंटर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी दूरभाष के माध्यम से जुड़े और दिवंगत गिरिजा शंकर जोशी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री धामी ने गहरे भावुक स्वर में कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि गिरिजा शंकर जोशी को इस तरह श्रद्धांजलि देनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि जोशी जी हमेशा सक्रिय रहने वाले, हर समय काम के लिए तैयार रहने वाले और निरंतर अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाले व्यक्ति थे।
मुख्यमंत्री ने कहा, “उनका इस तरह असमय चले जाना बेहद दुःखद है। मैं व्यक्तिगत रूप से बहुत आहत हूं। स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी जी का जाना हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है।”
उन्होंने कहा कि भले ही गिरिजा शंकर जोशी आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन अपने कार्यों, व्यवहार और व्यक्तित्व से उन्होंने जो पहचान बनाई है, वह हमेशा लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेगी।
सरकार परिवार के साथ खड़ी है
मुख्यमंत्री धामी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जोशी के नाम और उनके द्वारा किए गए अच्छे कार्यों को आने वाले समय में भी स्मरणीय बनाए रखने के लिए आवश्यक कदमों पर विचार किया जाएगा।
पत्रकारों ने रखा मीडिया सेंटर का नामकरण करने का प्रस्ताव
श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष सामूहिक रूप से प्रस्ताव रखा कि हल्द्वानी में निर्माणाधीन नए मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखा जाए।
इस प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि स्वर्गीय जोशी की स्मृतियों और उनके अच्छे कार्यों को आने वाले समय में भी यादगार बनाए रखने के लिए सभी पक्षों से विचार-विमर्श कर सहमति के आधार पर आवश्यक कार्य किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
श्रद्धांजलि सभा में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, मीडिया कोऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, कोषाधिकारी द्वारिका प्रसाद वर्मा, सूचना अधिकारी मीडिया सेंटर अहमद नदीम सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, सूचना विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी को श्रद्धांजलि देते हुए पत्रकारों और अधिकारियों ने उनके सरल, सहज और आत्मीय व्यक्तित्व को याद किया। 🙏💐

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



