उत्तराखण्ड के पुलिसकर्मियों के लिये खुशखबरी: मिलेगा साप्ताहिक अवकाश

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने पुलिसकर्मियों के साप्ताहिक अवकाश को बाकी चार जिलों में भी एक मई से लागू करने की मंजूरी दे दी है। कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल के लिए यह सुविधा फिलहाल ट्रायल के रूप में नौ पहाड़ी जनपदों में लागू थी। यह निर्णय पुलिस मुख्यालय में आयोजित अधिकारियों के साथ कांफ्रेंस में लिया गया। डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि लंबे समय से पुलिस अधिकारियों के साथ कोई कांफ्रेंस नहीं हुई थी। इस बार प्रदेश के सभी अधिकारी इसमें शामिल हुए थे। उन सभी से कहा गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य की गुणवत्ता में बढ़ोतरी करें। इसके अलावा अधिकारियों से यह जानकारी भी ली गई है कि उन्हें मुख्यालय से क्या-क्या अपेक्षाएं हैं। इस दौरान कई तरह के मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें से कई में सहमति दी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों को मानसिक राहत दिए जाने के लिए अवकाश की बात लंबे समय से की जा रही थी। पिछले दिनों प्रदेश के नौ पहाड़ी जनपदों में पुलिस चौकियों और थानों में तैनात कांस्टेबल और हेड कांस्टेबलों के लिए साप्ताहिक अवकाश का ट्रायल शुरू किया गया था। यह उम्मीदों पर खरा उतरा है। लिहाजा, देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में भी कांस्टेबल और हेड कांस्टेबलों के लिए यह सुविधा एक मई से लागू की जाएगी। यह अवकाश उनके ड्यूटी प्रभारी ही रोटेशन के आधार पर तय करेंगे।
डीजीपी ने अधिकारियों से कहा कि पुलिस इस वक्त बेहतर काम कर रही है। इसके लिए शासन स्तर पर भी पुलिस के कामों की प्रशंसा हुई है। ऐसे में यह जज्बा जारी रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि अच्छे काम के लिए पुरस्कार दिया जाता है। तो कोताही और लापरवाही पर दंड भी दिया जाएगा। फिर चाहे वह किसी भी रैंक का अधिकारी क्यों न हो।
समापन दिन सेनानायक 40वीं वाहिनी, 31 वीं वाहिनी, 46 वीं वाहिनी, आईआरबी प्रथम एवं द्वितीय, प्रधानाचार्य एटीसी, पीटीसी, पुलिस अधीक्षक रेलवे, सेनानायक एसडीआरएफ, पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ ने अपने-अपने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से किये जा रहे कार्यों, नई पहलों, भविष्य की कार्ययोजना एवं पुलिस मुख्यालय से आवश्यकता के सम्बन्ध में अपने विचार रखे। साथ ही पुलिस महानिरीक्षक, कुम्भ ने आगामी महाकुम्भ मेले में यातायात प्रबन्धन, भीड़ प्रबन्धन तथा असामाजिक एवं राष्ट्र विरोधी तत्वों के सम्बन्ध की गई तैयारियों एवं पुलिस व्यवस्था को लेकर प्रस्तुतिकरण प्रस्तुत किया। तत्पश्चात पुलिस मुख्यालय की ओर से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा मुख्यालय स्तर से प्रचलित कार्यों में समस्त फील्ड अधिकारियों से अच्छा कार्य करने की अपेक्षा करते हुए भविष्य की कार्ययोजना के सम्बन्ध में विस्तार से बताया गया। सम्मेलन के समापन सत्र में श्री अशोक कुमार, पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड ने उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को स्मार्ट बनाना एवं पुलिस की दक्षता को बढ़ाना हमारी प्राथमिकता में है। हम सभी लोकसेवक हैं। हमें पब्लिक को डिलिवरी देनी है, जिसके लिए हमें परफार्म करना है। अपने दायित्वों का निर्वहन दृढता परन्तु विन्रमता के साथ पीड़ित को केन्द्र में रखकर करें। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपने कार्य व आचरण में पारदर्शिता एवं ईमानदारी बनाये रखने, विभाग में स्वच्छ छवि, अनुशासन एवं अच्छा व्यवहार बनाये रखने, वरिष्ठ/कनिष्ठ अधिकारियों से निरन्तर संवाद बनाये रखने, अधीनस्थों को कार्य के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि बच्चों, महिलाओं व कमजोर वर्गो के विरुद्ध अपराधों में संवदेनशील होकर कार्य करने, जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण करने के सम्बन्ध में अपने अधीनस्थों को यथोचित रूप से ब्रीफ किया जाये। हमें पब्लिक डिलिवरी बढ़ानी है और ऑपरेशनल और एडमिनिस्ट्रेशन दोनों तरफ अपना शत प्रतिशत देना है। उत्तराखंड पुलिस को स्मार्ट एवं उसकी दक्षता बढ़ाने के लिए हमने विगत दो माह में एक टीम की तरह अच्छा काम किया है, जिसके सार्थक परिणाम हमें देखने को मिले हैं। शासन स्तर से भी हमारी प्रशंसा हुई है। हमें अपनी यही उर्जा बनाए रखनी है। सभी की जवाबदेही तय की जाए, चाहे वह किसी भी रैंक का हो। अच्छा कार्य करने के लिए पुरस्कार एवं कार्य में कोताही बरतने के लिए दण्ड का प्रावधान है। अपने कार्यक्षेत्र में अपराध नियंत्रण न कर पाने, कानून एवं शान्ति व्यवस्था कायम न रख पाने एवं पीड़ित की शिकायत न सुनने वालों पर कार्यवाही की जाए। उन्हें तत्काल हटाया जाए। खनन इत्यादि में जो वाहन दुर्घटना कर रहे हैं उनके वाहन स्वामियों की जिम्मेदारी भी तय की जाए।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440