समाचार सच, देहरादून। आम आदमी पार्टी ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों पर मुख्यमंत्री को किले में बंद राजा के समान बताया है। आप के प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर ने आरोप लगाया कि कोरोना संक्रमण रोकने में सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है। ऐसे हालात में जब जनता त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रही, उस समय सूबे के मुखिया त्रिवेंद्र सिंह रावत ने खुद को घर में कैद किया है। कलेर ने सरकार को संवेदनहीन बताते हुए कहा कि रोजाना प्रदेश में कोरोना संक्रमण के करीब एक हजार मामले सामने आ रहे हैं और राज्य सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। कलेर का आरोप है कि क्वारंटाइन सेंटरों में शराब पी जा रही है और दूसरी तरफ मरीज बासी व दुर्गंधयुक्त खाने से परेशान हैं। राज्य सरकार की नीति के चलते हालात यहां तक हो गए हैं कि परेशान आमजन को यह बताने वाला भी कोई नहीं कि यदि उन्हें कोई दिक्कत है तो वे कहां जाएं। कलेर ने आरोप लगाया है कि आपदा के जिस दौर में जनहित व जान की कीमत से सरोकार होना चाहिए उस दौर में भी राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव है। हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि यदि किसी को खुद को कोरोना के लक्षण दिखते हैं तो वह अस्पताल जाने और टेस्ट करवाने से डर रहा है। जो सरकार जनता के दिल व दिमाग से डर नहीं निकाल पाई उसके लिए शर्म की बात है। यह स्थिति उस समय है जब स्वास्थ्य महकमा मुख्यमंत्री के अधीन है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












