उत्तराखंड के छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब IIT मद्रास से सीखेंगे AI, नौकरी के नए खुलेंगे रास्ते

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं के लिए भविष्य की तकनीक सीखने का सुनहरा अवसर सामने आया है। अब राज्य के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के छात्र देश के प्रतिष्ठित आईआईटी मद्रास के सहयोग से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की आधुनिक और रोजगारोन्मुख शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। शुक्रवार को राजभवन स्थित लोकभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह ने ‘एआई फॉर ऑल’ पहल का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर आईआईटी मद्रास के निदेशक पद्मश्री प्रो. वी. कामाकोटी और दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल के बीच सहयोग संबंधी समझौता (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल को दून विश्वविद्यालय, आईआईटी मद्रास, प्रवर्तक टेक्नोलॉजी फाउंडेशन और स्वयं प्लस के संयुक्त सहयोग से संचालित किया जाएगा।

पहले चरण में उत्तराखंड के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए एआई आधारित अत्याधुनिक ऑनलाइन पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों को केवल तकनीकी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें उद्योगों की मांग के अनुरूप कौशल विकसित कर रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करना है।

यह भी पढ़ें -   गणेश महोत्सव 2026: गणपति स्थापना के लिए शुभ मुहूर्त में पूजा करना विशेष माना जाता है

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि यह पहल उत्तराखंड की उच्च शिक्षा को नई दिशा देने वाली साबित होगी। उनका कहना था कि आने वाला समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का है और राज्य के युवाओं को इस क्षेत्र में दक्ष बनाकर उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र भी डिजिटल माध्यम से देश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ उठा सकेंगे।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखण्डः बाइक मैकेनिक की दुकान पर गोलियों की बौछार, सरेआम हत्या से इलाके में दहशत

आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रो. वी. कामाकोटी ने बताया कि ‘स्वयं प्लस’ भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं को उच्च गुणवत्ता वाली और रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से देशभर के विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

इस पहल को उत्तराखंड में तकनीकी शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे हजारों छात्रों को आने वाले समय में नई संभावनाएं मिलेंगी।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440