हल्द्वानी तहसील भवन के जीर्णोद्धार की कवायद शुरू, शासन को भेजी 21 करोड़ की डीपीआर

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। अंग्रेजों के जमाने में बने हल्द्वानी तहसील भवन के अब दिन बहुरने वाले हैं। इस भवन के जीर्णोद्धार की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए शासन को 21 करोड़ की डीपीआर भेजी गई है। भवन के जीर्णोद्धार के लिए ऑफिस व शॉपिंग कॉम्पलैक्स निर्माण का प्लान तय कर लिया गया है। यह कार्य पीपीपी मोड के तहत किये जायेंगे। अंग्रेजों के जमाने में तैयार हल्द्वानी तहसील भवन जीर्णक्षीर्ण दशा में पहुंच गया है। अब इसका नये सिरे से जीर्णोद्धार होगा। जीर्णोद्धार कार्य कुमाऊंनी शैली पर आधारित होंगे। भवन के जीर्णोद्धार को लेकर सोमवार को मंडलायुक्त अरविन्द सिंह हयांकी ने विभागीय अधिकारियों के साथ रूपरेखा तय की। बताया कि तहसील परिसर में बनने वाले आधुनिकतम काम्पलैक्स में महानगर में किराये पर चल रहे राजकीय दफ्तर स्थानान्तरित होंगे। इससे लोग एक ही स्थान पर सभी कार्यालयों के कामकाज तो निपटा ही सकेगे, साथ ही धन व समय की भी बचत होगी। बैठक में ऑफिस, शॉपिंग कॉम्पलैक्स के साथ ही आवास डिजाइन प्लान पर चर्चा के साथ ही सुझाव भी लिये गये। विकास प्राधिकरण अधिकारियों ने आवास व काम्पलैक्सों के बारे में डाटा प्रजेन्टेशन किया। जिस पर विस्तार से चर्चा की गई। आयुक्त ने लोनिवि अधिकारियो को निर्देश दिये कि वे जिला विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठ कर तहसील भवन मानचित्र में जो अन्य सुविधायें जोड़ने हैं उन्हें भवन बाईलॉज सहित समाहित कर लें।
बैठक में जिलाधिकारी सविन बंसल, जिला विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष रोहित मीणा, सचिव पंकज उपाध्याय, अपर आयुक्त संजय खेतवाल, नगर आयुक्त सीएस मर्ताेलिया, मुख्य अभियन्ता लोनिवि दीपक यादव, अधिशासी अभियन्ता एचएस रावत आदि मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440