समाचार सच, हरिद्वार डेस्क।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गुरुवार को हरिद्वार में धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा के दौरान कई राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी। यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जगह-जगह उनका स्वागत किया। इस दौरान रावत ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखी टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘पलटूराम’ कहा।
नीतीश कुमार को लेकर पूछे गए सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि उन्होंने उनके जैसा ‘पलटूराम’ नहीं देखा। रावत ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार पहले भाजपा के विरोध में विभिन्न राजनीतिक दलों को एकजुट करने की कोशिश करते रहे और बाद में भाजपा के समर्थन में खड़े नजर आए।
हरीश रावत की यह टिप्पणी दिल्ली में हुई कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में सोनिया गांधी द्वारा नीतीश कुमार को लेकर की गई टिप्पणी से जुड़े सवाल के जवाब में सामने आई।
BJP और जांच एजेंसियों को लेकर भी बोले रावत
यात्रा के दौरान हरीश रावत ने केंद्र और भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब तक उनके खिलाफ राजनीतिक विरोध रहेगा और उनके दरवाजे पर ईडी तथा सीबीआई आती रहेगी, वह भाजपा का विरोध करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि उनका जीवन खुली किताब है और किसी भी जांच के लिए वह तैयार हैं। रावत ने अपने रिश्तेदारों की जांच कराने की बात भी कही।
‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर उठाए सवाल
चुनाव से जुड़े विवादों पर बोलते हुए रावत ने ‘वोट चोरी’ के आरोपों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि यदि देश में वोट चोरी होती है तो चुनी हुई सरकारों का नैतिक बल समाप्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि उनके अनुसार अब बदलाव का समय आ गया है।
काफिले में दिखा ‘टाइगर इज बैक’ पोस्टर
हरीश रावत की धन्यवाद संवाद यात्रा का एक और दृश्य चर्चा में रहा। उनके काफिले के सबसे आगे चल रहे वाहन पर ‘टाइगर इज बैक’ लिखा पोस्टर लगाया गया था, जिसमें हरीश रावत की तस्वीर नजर आई। समर्थकों की ओर से लगाए गए इस पोस्टर को रावत ने उनके सम्मान और उत्साह का प्रतीक बताया।
यात्रा के दौरान जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ स्वागत किया। हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में विधायक अनुपमा रावत भी समर्थकों के साथ यात्रा में शामिल हुईं और अपने पिता का स्वागत किया।
परिवर्तन का संदेश देने की बात
हरीश रावत ने कहा कि उनकी धन्यवाद संवाद यात्रा का उद्देश्य लोगों के बीच संवाद करना और उन्हें धन्यवाद देना है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान जिस तरह लोगों का उत्साह देखने को मिल रहा है, उसके लिए वह सभी का आभार व्यक्त करते हैं।
रावत के अनुसार लोगों का आशीर्वाद उनकी ताकत रहा है और इसी समर्थन के कारण वह दोबारा सक्रिय राजनीतिक भूमिका में लौटे हैं। यात्रा का समापन खानपुर विधानसभा क्षेत्र में होना है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



