समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित गली नंबर 10 निवासी अभिनेता रोमांच मेहता की नई बॉलीवुड फिल्म ‘तुम मेरे हो’ देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। टेलीविजन की दुनिया में अपनी पहचान बना चुके रोमांच अब बड़े पर्दे पर भी दर्शकों के सामने अपनी अभिनय प्रतिभा पेश कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि से हल्द्वानी के कला और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों में भी उत्साह है।
फिल्म के मुख्य किरदारों में शामिल रोमांच मेहता ने बताया कि उत्तराखंड की संस्कृति और प्राकृतिक खूबसूरती को बड़े पर्दे पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से फिल्म की करीब 50 प्रतिशत शूटिंग भीमताल और नैनीताल में की गई है। इससे प्रदेश के खूबसूरत पर्यटन स्थलों को फिल्म के माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर भी मिला है।
रोमांच मेहता टेलीविजन के कई लोकप्रिय धारावाहिकों में अभिनय कर चुके हैं। उनके अभिनय सफर में ‘रामायण’, ‘छन-छन’, ‘गंगा’, ‘देवों के देव महादेव’, ‘मेरे अंगने में’, ‘सिया के राम’, ‘कुल्फी कुमार बाजेवाला’, ‘कभी-कभी इत्तेफाक से’, ‘न्योनतारा’ और ‘दिलों की रामलीला’ जैसे धारावाहिक शामिल हैं। अब तक वह 50 से अधिक टीवी सीरियल्स में काम कर चुके हैं।
रोमांच की पहली बॉलीवुड फिल्म ‘तेरा जादू चल गया’ थी, जिसमें उन्हें अभिनेता अभिषेक बच्चन के साथ काम करने का अवसर मिला। अब उनकी नई फिल्म ‘तुम मेरे हो’ रिलीज हुई है। इस फिल्म में अभिनय के साथ उन्होंने को-प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी भी निभाई है। फिल्म में वह मुख्य किरदार के करीबी दोस्त की भूमिका में नजर आ रहे हैं।
रोमांच के पिता स्वर्गीय डॉ. सुभाष मेहता थे। हल्द्वानी से निकलकर टेलीविजन और फिल्म जगत में अपनी जगह बनाने तक का उनका सफर स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। उनकी यात्रा बताती है कि निरंतर मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर मनोरंजन जगत में नए अवसर हासिल किए जा सकते हैं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



