समाचार सच, देहरादून डेस्क। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने यमुना में अवैध खनन रोकने को छापेमार कार्रवाई कर तीन टैक्टर-ट्राली व एक पिकअप सीज कर दी। पुलिस की इस कार्रवाई से हड़कंप की स्थिति रही। पछवादून में डाकपत्थर से रामपुर मंडी तक यमुना का एक किनारा उत्तराखंड और दूसरा किनारा हिमाचल सीमा में होने के कारण अवैध खनन माफिया सक्रिय है। खनन रोकने को जारी निर्देश के अनुपालन में मंगलवार को कोतवाली पुलिस टीम ने यमुना में छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने अवैध खनन व ओवर लोड वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही की। पुलिस ने डाकपत्थर से कुल्हाल तक की गई छापेमार कार्रवाई में अवैध खनन से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्राली व एक पिकअप पकड़ी। चारों वाहनों को एमवी एक्ट में सीज कर दिया। पुलिस के अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की सूचना पर यमुना में अवैध खनन करने वाले चालक अपने वाहनों को लेकर हिमाचल सीमा में भाग निकले। कोतवाल राजीव रौथाण के अनुसार अवैध खनन व ओवरलोड पर कार्रवाई और तेज की जाएगी। छापेमार कार्रवाई करने के दौरान एसएसआइ रामनरेश शर्मा, बाजार चौकी प्रभारी दीपक मैठाणी, कुल्हाल प्रभारी प्रमोद कुमार, दारोगा रतन बिष्ट, सिपाही सतीश दाहिया, संदीप, त्रेपन सिंह आदि शामिल रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












