समाचार सच, बाजपुर (ऊधमसिंहनगर)। उत्तराखंड में इंटरनेट के जरिए की जाने वाली कॉल को भारतीय मोबाइल नंबर के माध्यम से सामान्य कॉल के रूप में दिखाने वाले एक नेटवर्क का साइबर क्राइम पुलिस ने खुलासा किया है। कुमाऊं परिक्षेत्र के साइबर क्राइम थाना और एसटीएफ की कार्रवाई में बाजपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में सिम कार्ड और तकनीकी उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान कादिर अली निवासी मुरादाबाद के रूप में हुई है। वह बाजपुर में किराए के कमरे से कथित तौर पर सिम बॉक्स नेटवर्क संचालित कर रहा था। तलाशी के दौरान पुलिस को दो सिम बॉक्स, 77 एंटीना, 114 एयरटेल सिम कार्ड, इंटरनेट राउटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले हैं।
पुलिस जांच में आरोपी के एक बांग्लादेशी नागरिक के संपर्क में होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में यह जानकारी मिली कि आरोपी को इस काम के बदले कथित तौर पर हर महीने करीब 50 हजार रुपये दिए जाते थे। पुलिस अब इस कनेक्शन की भी जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, संचार मंत्रालय से प्राप्त एक गोपनीय पत्र के आधार पर साइबर थाना रुद्रपुर की टीम 72 संदिग्ध मोबाइल नंबरों की गतिविधियों की जांच कर रही थी। जांच के दौरान इन नंबरों का संबंध बाजपुर के चकरपुर क्षेत्र में स्थित एक सेल साइट से सामने आया। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की तकनीकी जांच शुरू की।
जांच आगे बढ़ने पर साइबर थाना पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं की टीम ने स्थानीय सिम विक्रेता से पूछताछ की। साइबर थाना प्रभारी अरुण कुमार के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान बाजपुर में किराए के एक कमरे से नेटवर्क संचालित किए जाने की जानकारी मिली।
पुलिस अब बरामद सिम बॉक्स, सिम कार्ड, एंटीना और अन्य उपकरणों की तकनीकी जांच कर रही है। जांच का फोकस इस बात पर है कि इन उपकरणों के जरिए किन मोबाइल नंबरों से संपर्क किया जा रहा था और नेटवर्क का इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया गया।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और क्या इसका इस्तेमाल साइबर अपराधों में किया गया था। मामले में पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



