समाचार सच, अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले के लाट गांव और आसपास के इलाकों में लंबे समय से ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बने तेंदुए को आखिरकार वन विभाग ने पकड़ लिया है। मंगलवार देर शाम तेंदुआ वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में फंस गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद लाट गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार लोधिया, देवली और लाट गांव में पिछले काफी समय से तेंदुए की आवाजाही बनी हुई थी। तेंदुए को कई बार आबादी के आसपास देखे जाने के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल था।
ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुआ क्षेत्र में कई मवेशियों को भी अपना शिकार बना चुका था। इसके चलते लोगों को अपने परिवार और पशुओं की सुरक्षा की चिंता लगातार सताती रही।
तेंदुए की लगातार सक्रियता को देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग से उसे पकड़ने की मांग की थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने कुछ दिन पहले लाट गांव में पिंजरा लगाया और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी।
मंगलवार देर शाम आखिरकार तेंदुआ पिंजरे में फंस गया। इसकी जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक सावधानियों के साथ उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया।
डीएफओ दीपक सिंह के अनुसार पकड़े गए तेंदुए की उम्र करीब आठ वर्ष है। अब उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। स्वास्थ्य जांच और विभागीय नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत जताई है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से तेंदुए की मौजूदगी के कारण शाम और सुबह के समय घरों से बाहर निकलने में भी डर बना रहता था। मवेशियों की सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीण चिंतित थे।
विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अभी भी जंगल और सुनसान क्षेत्रों में अकेले जाने से बचें, विशेषकर सुबह और शाम के समय सतर्क रहें। साथ ही किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



