पंतनगर में गुंडागर्दी: 10 हजार और मोबाइल न देने पर युवक पर सरेराह चाकू से जानलेवा हमला, मुकदमा दर्ज

खबर शेयर करें

समाचार सच, रुद्रपुर डेस्क। पंतनगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। यहां रंगदारी की मांग पूरी न करने पर एक युवक पर डंडों और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। चाकू का वार इतना भयंकर था कि वह युवक के हाथ के आर-पार हो गया। लहूलुहान हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुमित वामल पुत्र सुशील कुमार दोपहर के वक्त अपनी दुकान से घर की ओर लौट रहे थे। जैसे ही वह यूनिवर्सिटी परिसर के शिवाजी पार्क के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे रवि चौहान और उसके एक अज्ञात साथी ने सुमित का रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दोनों बदमाशों ने सुमित से उसका मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद मांगे। जब सुमित ने इस अवैध वसूली का विरोध किया, तो रवि चौहान ने गाली-गलौज शुरू कर दी और डंडे से उनके बाएं हाथ पर जोरदार वार किया। सुमित खुद को बचाने के लिए वहां से भागे, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उन्हें जमीन पर पटक दिया।

यह भी पढ़ें -   15वीं उत्तराखंड स्टेट वूशु चैंपियनशिप: 32 स्वर्ण पदकों के साथ नैनीताल बना उपविजेता

हाथ के आर-पार हुआ चाकू बताया जा रहा है कि रवि चौहान के अज्ञात साथी ने सुमित को पीछे से कसकर पकड़ लिया, और इसी बीच रवि ने चाकू निकालकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया। खुद को बचाने के प्रयास में सुमित के बाएं हाथ में चाकू लग गया। वार इतना तेज था कि चाकू सीधे हाथ के आर-पार निकल गया और वह बुरी तरह घायल हो गए। जब हमलावर दोबारा वार करने की कोशिश कर रहे थे, तभी सामने से आ रहे दीपक राणा और दो अन्य लोगों ने यह खौफनाक मंजर देख लिया। उन्हें मदद के लिए दौड़ता देख, हमलावर सुमित को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। दीपक राणा ने तुरंत 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी।

गंभीर रूप से घायल सुमित को पहले पंतनगर यूनिवर्सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत बिगड़ती देख उन्हें जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर कर दिया। पीड़ित ने अपनी तहरीर में बताया है कि आरोपी रवि चौहान आपराधिक किस्म का व्यक्ति है और उससे उन्हें लगातार अपनी जान का खतरा बना हुआ है। इस मामले में पंतनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर नामजद और अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें -   पलटन बाजार के प्रतिष्ठित शोरूम में लगी भीषण आग, लाखों का माल जलकर राख

दूसरी ओर, जिले के गोविंद नगर ट्रांजिट कैंप इलाके से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां एक 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह से साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440