समाचार सच, हल्द्वानी। त्यौहारी सीजन शुरू होते ही अपराधी भी सक्रिय हो गये हैं। दिनदहाड़े नकली पुलिस कर्मी बनकर ज्वैलर्स से लाखों के स्वर्णाभूषण उड़ा लिए गए। वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर ठग बाइक से रफूचक्कर हो गये। इस सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में ठगों की तलाश में अभियान चलाया गया, लेकिन पुलिस के हाथ खाली रहे। ज्वैलरी का काम करने वाले दुर्गा कालोनी बरेली रोड निवासी हरीश चंद्र मलिक पुत्र मुंशी राम सोमवार को बाजार में स्वर्णाभूषणों की खरीददारी करने पहुंचे। बतौर ज्वलैर्स उसने पटेल चौक स्थित शंकर ज्वैलर्स से सोने के आभूषण खरीदे और घर की तरफ चल दिये। अभी वह बरेली रोड में मंडी पुलिस चौकी से कुछ आगे आईटीआई धान मिल के पास पहुंचे ही थे कि तभी दो पुलिस कर्मियों ने उसे रोक लिया। दोनों पुलिस कर्मियों ने उससे बैग में ले जाए जा रहे सामान के बावत जानकारी ली तो हरीश ने ज्वैलरी के बारे में बता दिया। इस बीच इन पुलिस कर्मियों ने हरीश को यह कहकर अपने झांसे में ले लिया कि अभी चार-पांच दिन पूर्व ही इस स्थान में लूटपाट की घटना हुई है। लिहाजा वह अकेले इतने कीमती ज्वैलरी न ले जाये। पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए है, इसलिए वह ज्वैलरी के साथ उन्हें घर तक सकुशल छोड़ देंगे। इस पर ज्वैलर्स हरीश ने स्वर्णाभूषण भरा बैग दोनों पुलिस कर्मियों के सुपुर्द कर दिया। बैग पकड़ते ही दोनों पुलिस कर्मी बाइक में बैठकर रफूचक्कर हो गये। जब तक हरीश यह समझ पाता कि दोनों पुलिस कर्मी नकली हैं और उसके साथ ठगी हो चुकी है, तब तक दोनों नकली पुलिस कर्मी आंखों से ओझल हो चुके थे। ठगों को पकड़ने के लिए हरीश ने शोर मचाया, लेकिन इसका कुछ लाभ नहीं हुआ। इस पर उसने मामले की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दी। दिनदहाड़े ज्वैलर्स के साथ हुई ठगी की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कोतवाल संजय कुमार, मंडी चौकी पुलिस के अलावा भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और नकली पुलिस कर्मी बने ठगों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया। इसके लिए पुलिस ने आस-पास के थाना चौकियों में वायरल लैस के माध्यम से नाकाबंदी करा दी। लेकिन कुछ सफलता हाथ नहीं लगी। साथ ही पुलिस ने घटनास्थल के समीप ही लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज में नकली पुलिस कर्मियों की तस्वीर कैद हो गई। जिसके आधार पर पुलिस ने ठगों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने ठगों के हूलिये के बारे में पीड़ित से भी जानकारी जुटाई है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बैग में सोने की दो अंगूठी, कड़ा, सोने की नथ आदि थे। जिसकी कीमत लगभग 3 लाख रूपए है। पुलिस का दावा है कि नकली पुलिस कर्मी बने ठगों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके लिए पुलिस की कई टीमों के साथ ही एसओजी को भी लगाया गया है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


