समाचार सच, हल्द्वानी। कुमांऊ टाइम्स सांध्य दैनिक अखबार के पत्रकार के पुत्र की बुधवार शाम को एक सड़क हादसे में मौत हो गयी। इस सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये मोर्चरी में रख दिया है। इधर दर्दनाक हादसे से शुभचिन्तकों एवं पत्रकारों में शोक की लहर छा गयी है।
जानकारी के अनुसार कुमांऊ टाइम्स सांध्य दैनिक अखबार के पत्रकार अनुपम गुप्ता के पुत्र भावेश गुप्ता करीब शाम 4 बजे जजफार्म स्थित बी ब्लाक अपने घर से स्कूटी संख्या यूके 04 पी 2014 से ट्यूशन पढ़ने रामपुर रोड देवलचौड़ के लिये निकला था। रास्ते में रामविहार कालोनी श्याम गार्डन के पास भावेश की स्कूटी एक ऑटो रिक्शा टकरा गयी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के दौरान भावेश के पीछे से आ रहे उसके दोस्त व उक्त आटो रिक्शा चालक ने उसे डॉ0 सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक मौत की सूचना से परिवारजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची यातायात नगर चौकी पुलिस ने घटना जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये मोर्चरी में रख दिया है। गुरूवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम किया जायेगा।
जानकारी के अनुसार भावेश डीएवी पब्लिक स्कूल का 12वीं का छात्र था। पत्रकार अनुपम के दो बेटा-बेटी में भावेश सबसे बड़ा था। उनकी बेटी 11वीं कक्षा की छात्रा है।
भावेश के दादा कृष्ण गोपाल गुप्ता कुमांऊ टाइम्स सांध्य दैनिक अखबार के सम्पादक हैं। अनुपम ने बताया कि आज दिन में भावेश अपने दादा जी से सेंडिल दिलाने की बात कह रहा था। लेकिन मैंने उसे ट्यूशन की पढ़ाई के बाद दिलाने की बात की थी। उनके पिता कहना है कि अगर में उसी समय सेंडिल दिलाने जाता तो भावेश के साथ यह घटना नहीं घटती।
इधर प्रेस क्लब हल्द्वानी, नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट के पदाधिकारी व सदस्यों ने पत्रकार के पुत्र की मौत पर शोक व्यक्त कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं पत्रकारिता जगत, राजनीतिक दलों व सामाजिक संगठनों से जुड़े तमाम लोगों ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त की है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


