26.18 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास

समाचार सच, हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का कैंपस बनाने के लिए देहरादून में भूमि दी जाएगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने यूओयू में आयोजित कार्यक्रम में की। उन्होंने यहां 26.18 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ शिक्षा से कोई भी व्यक्ति अपनी सेवा के साथ ही योग्यता बढ़ा सकता है। कहा कि सभी विश्वविद्यालय अपनी स्किल को बढ़ाकर सरकारों को योजना बनाने में सुझाव दें, जिससे प्रदेश मे धरातलीय योजना बनाकर त्वरित सकारात्मक विकास हो सके। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में संचालित योजनाएं भी गिनाई। कहा कि उत्तराखण्ड देश का प्रथम राज्य है, जहां महिलाओं को पैतृक सम्पत्ति का अधिकार दिया गया है जो महिलाओं को आगे बढ़ाने व स्वावलम्बी बनने अहम साबित होगा। इससे समाज में क्रान्तिकारी व सकारात्मक परिवर्तन आयेगा। कहा कि प्रधानमंत्री ने देश में जलजीवन मिशन शुरू किया है। जिसके तहत केन्द्र के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में मात्र एक रूपये व शहरी क्षेत्रों में सौ रूपये में पेयजल संयोजन दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं की पीड़ा को समझ रही है और उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास कर रही है। जिसके चलते मुख्यमंत्री घस्यारी योजना संचालित करने जा रही है। इसके तहत सस्ता गल्ला के तर्ज पर प्रदेेश में 7771 केन्द्रों के माध्यम से गांवों तक पशुओं को सस्ता चारा उपलब्ध कराया जायेगा। जल्द ही प्रदेश में 20 हजार महिला समूहों को 5 लाख का ब्याज मुक्त ऋण भी दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नदी, नालों जलस्रोत्रों को पुर्नजीवित करने की पहल बड़े स्तर पर की जा रही है। कहा कि आगामी 16 जुलाई हरेला दिवस पर व्यापक पौधारोपण किया जायेगा। सीएम ने कहा किसानों को ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। उपकरण विहीन किसानों के लिए फार्म मशीनरी बैंक योजना शुरू की है। इसके लिए 80 प्रतिशत तक सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होने कहा कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया है। होम-स्टे के माध्यम से पर्यटन अब ग्रामीणों की आजीविका का साधन बन रहा है। 13 जिलों में 13 नए थीम बेस्ड डेस्टीनेशन विकसित किये जा रहे हैं। इस दौरान उच्चशिक्षा राज्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय आगामी वर्षों में देश का प्रथम विश्वविद्यालय बनेगा। कहा कि एक वर्ष में सरकार द्वारा एक हजार प्रोफेसरों की नियुक्ति की गई है। जल्द ही चार लाख विद्यार्थियों को वाईफाई से जोड़ा जायेगा। कार्यक्रम में विधायक नवीन दुम्का ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में 31 करोड़ की गौजाजाली पेयजल योजना, डेयरी हेतु भूमि स्वीकृति, लालकुआं क्षेत्र में वन से लगी भूमि जंगली जानवरों से बचाव को सोलर लाईट व फेंसिंग कार्य प्रारम्भ करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। यूओयू के कुलपति ओपीएस नेगी ने संस्थान के क्रियाकलापों की विस्तृत जानकारियां दी।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक बंशीधर भगत, दीवान सिंह बिष्ट, संजीव आर्य, रामसिंह कैड़ा, मेयर डॉ जोगेन्द्र पाल सिंह रौतेला, जिलाध्यक्ष भाजपा प्रदीप बिष्ट, दर्जा मंत्री डॉ बीएस बिष्ट, गजराज बिष्ट, तरूण बंसल, प्रकाश हर्बाेला, अजय राजौर, मजहर नईम नवाब, पीसी गोरखा, जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, मण्डी अध्यक्ष मनोज साह, उपाध्यक्ष केएमवीएम रेनू अधिकारी, प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष आनन्द दरम्वाल, राजेन्द्र सिंह नेगी, राजेन्द्र सिंह बिष्ट, दीपक मेहरा, मुख्यमंत्री के जन सम्पर्क अधिकारी विजय बिष्ट समेत कई पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी व यूओयू स्टाफ मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












