समाचार सच, देहरादून। बाइक पर ट्रिपल सवारी की कार्रवाई से बचने के चक्कर में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। आशा रोड़ी चेकपोस्ट पर तड़के चेकिंग को देखते हुए दामाद ने बुजुर्ग ससुर को पैदल आगे मिलने की बात कही, लेकिन बुजुर्ग जंगल में रास्ता भटक गए। सुबह मिले तो तबियत खराब होने के कारण कुछ देर में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पटेलनगर के लोहिया नगर निवासी तौहीद तड़के तीन बजे अपनी पत्नी और ससुर नसीम के साथ मोटरसाइकिल पर देहरादून से सहारनपुर जा रहे थे।
आशा रोड़ी चौकी पर चेकिंग को देखते हुए उसने अपने ससुर नसीम को वन विभाग की चौकी से पहले उतार दिया और जंगल के रास्ते भेजकर चौकी से आगे मिलने को कहा। उसके बाद तोहीद पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से आशा रोड़ी चौकी से आगे पहुंच गया। काफी देर इंतजार के बाद जब ससुर नहीं पहुंचे तो उनकी तलाश शुरू की। थाना क्लेमेनटाउन पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने वन विभाग की टीम के साथ बुजुर्ग की तलाश में जंगल में कॉबिंग की। लेकिन, रात में उनका कहीं पता नहीं चला।
डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि गुमशुदा नसीम के परिजनों ने दोपहर बताया कि सुबह 10.30 बजे नसीम उन्हें जंगल में भटकते मिल गए थे। नसीम ने उनसे पीने के लिए पानी मांगा। कुछ समय बाद उनकी तबियत खराब हुई और मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि नसीम लंबे समय से दिल की बीमारी से ग्रसित भी थे। प्रथम दृष्टया बीमारी के चलते मौत होना प्रतीत हो रहा है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












