समाचार सच, भीमताल। क्यो किशन कराटे फाउंडेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 1 जून से 6 जून तक भीमताल में 32वां राष्ट्रीय समर कैंप आयोजित किया जाएगा। छह दिवसीय इस राष्ट्रीय आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 125 कराटे खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। कैंप को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और उत्तराखंड इकाई के पदाधिकारी आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
क्यो किशन कराटे फाउंडेशन उत्तराखंड इकाई के प्रदेश अध्यक्ष रूपेंद्र नागर ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर के इस समर कैंप में कानपुर, लखनऊ, पंजाब, असम, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों एवं शहरों के खिलाड़ी भागीदारी करेंगे। उन्होंने कहा कि यह कैंप खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
रूपेंद्र नागर ने बताया कि कैंप का आयोजन फाउंडेशन के इंडिया चीफ शियान बसंत सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है। कैंप के दौरान खिलाड़ियों को कराटे की उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, साथ ही विभिन्न अभ्यास सत्रों और विशेष कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जाएगा।
फाउंडेशन के राष्ट्रीय सचिव हरीश चंद्र पांडे ने बताया कि समर कैंप के समापन अवसर पर 6 जून को सीनियर बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट आयोजित किया जाएगा। इस परीक्षा में ब्लैक बेल्ट फर्स्ट डान, सेकंड डान और थर्ड डान के खिलाड़ियों की दक्षता का परीक्षण किया जाएगा। सफल प्रतिभागियों को उनकी योग्यता के अनुसार ग्रेड प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड इकाई के सभी खिलाड़ियों और पदाधिकारियों को आयोजन को सफल एवं यादगार बनाने के लिए सक्रिय सहयोग देने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजकों के अनुसार यह राष्ट्रीय समर कैंप खिलाड़ियों के लिए सीखने, अनुभव साझा करने और अपने खेल कौशल को निखारने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



