समाचार सच, नैनीताल। नैनीताल के मल्लीताल स्थित न्यू पालिका बाजार में तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तमंग फास्ट फूड की दुकान में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। इसी दौरान दुकान में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पांच दुकानें इसकी चपेट में आ गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब पांच बजे दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया। उस समय दुकान के भीतर सो रहे कर्मचारियों ने जान जोखिम में डालकर पीछे की खिड़की और पेड़ के सहारे बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कर्मचारियों के सुरक्षित बाहर आते ही गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे आग ने और भयावह रूप ले लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान कर्मचारी साहिल झुलस गया, जिसे बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
इस आग में बालम सिंह, लीलावती, गोपाल सिंह मेहता, अनिल कुमार और बिशन दत्त पांडे की दुकानों सहित दो रेस्टोरेंट प्रभावित हुए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
अग्निशमन विभाग के अग्निशमन अधिकारी (एफएसओ) देवेंद्र सिंह मेहता ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला शॉर्ट सर्किट का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि शहर में अधिकांश अग्निकांड बिजली के ओवरलोड और शॉर्ट सर्किट के कारण होते हैं। कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में निर्धारित क्षमता से अधिक बिजली लोड का उपयोग किया जा रहा है, जिससे स्पार्किंग और आग लगने का खतरा बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि न्यू पालिका बाजार की दुकानें एक-दूसरे से सटी हुई हैं और कई प्रतिष्ठानों में गैस सिलेंडर व अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी जाती है। यदि यह हादसा दिन के समय होता, तो बड़ी जनहानि और पूरे बाजार के आग की चपेट में आने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



