मानसून सत्र शुरू होने से पहले ही कई विधायक हुए कोरोना पॉजिटिव

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड विधान सभा का मानसून सत्र बुधवार को होना है। इसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। इस सत्र को लेकर कोरोना संक्रमण बड़ी चुनौती बना हुआ है। कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए सत्र से ठीक पहले कराए गए टेस्ट में दो और विधायक पॉजिटिव पाए गए हैं। इस पर वह आइसोलेट हो गए हैं। विधान सभा के बुधवार को होने वाले एक दिवसीय मानसून सत्र में कोरोना संक्रमण से निपटना सरकार के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। सत्र के दौरान कोरोना संक्रमण न फैलने पाए, इसके लिए हरसंभव प्रयत्न किए जा रहे हैं। कई सत्तारूढ़ दल के विधायकों के साथ ही नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश पहले से ही कोरोना संक्रमण की गिरफ्त में हैं। इसके अलावा विधान सभा अध्यक्ष कार्यालय समेत कई अन्य कर्मचारी भी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। सत्र की तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। हालांकि सत्र से पूर्व कोरोना की जांच के साथ ही स्क्रीनिंग का काम भी काफी दिनों से किया जा रहा है। जिसमें प्रतिदिन कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं। सत्र से ठीक एक दिन पहले मंगलवार को मंत्रियों के सरकारी आवास सहित विधायक आवास और विधानसभा में आरटीपीसीआर टेेस्ट कराए गए। विधानसभा से मिली जानकारी के मुताबिक विधायक आवास में कुल 11 विधायकों ने आरटीपीसीआर टेस्ट कराया। जिसमें भाजपा विधायक पुष्कर सिंह धामी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। साथ ही उप नेता प्रतिपक्ष करना माहरा भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने स्वयं भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है कि निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। उन्होंने इसी बीच अपने संपर्क में आए सभी लोगों से कोरोना नियमों के अंतर्गत सावधानी बरतने की अपील भी की है। सत्र से ठीक पहले विधायक धामी के संक्रमित पाए जाने से चिंता और बढ़ गई है। इधर सत्र शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के पुख्ता इंतजामात कर दिए गए हैं। सत्र स्थल व आस-पास पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल की तैनाती सुनिश्चित कर दी गई है। सत्र के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी अनिवार्य किया गया है। देहरादून के जिलाधिकारी डॉ आशीष कुमार श्रीवास्तव ने सत्र के मद्देनजर धारा 144 लागू कर दी है। जिसके तहत सत्र स्थल से 300 मीटर की परिधि में धरना-प्रदर्शन, अनशन व अन्य गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी। इसके उल्लंघन पर कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

यह भी पढ़ें -   नैनीताल में सनसनी: पार्किंग में कार के भीतर मिला अधिवक्ता का शव, गोली मारकर आत्महत्या की आशंका

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440